धर्मशाला के तपोवन में चल रहे हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र की चौथी बैठक सोमवार को दोपहर दो बजे शुरू होगी। दो दिन के ब्रेक के बाद अब सोमवार से शुक्रवार तक लगातार पांच बैठकें होंगी, जिनमें जनहित से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा होगी। उधर, सोमवार को होने वाली बैठक में कई विधायी मुद्दे, अधिसूचनाएं, आपदा प्रबंधन और जनहित के विषयों पर गहन चर्चा होगी। बैठक प्रश्नकाल से आरंभ होगी, जहां विधायक तारांकित व अतारांकित प्रश्न पूछेंगे और मंत्री जवाब देंगे। उसके बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सप्ताह की शासकीय कार्यसूची पर वक्तव्य देंगे, जिसमें विधेयक व प्रस्तावों की रूपरेखा स्पष्ट होगी। कल्याण समिति की मुख्यमंत्री शगुन योजना व अनुसूचित जाति विकास कार्यक्रम की रिपोर्ट तथा मानव विकास समिति की स्वास्थ्य विभाग संवीक्षण रिपोर्ट भी पटल पर होगी। नियम 62 के तहत टांडा मेडिकल कॉलेज में विशेषज्ञ डॉक्टरों व सुविधाओं की कमी पर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव उठेगा।
ट्रांसफर मानक, मापदंड, नियम व आपसी सहमति की व्यवस्था पर स्पष्टता मांगी जाएगी। चंबा आपदा में मणिमहेश यात्रा पर फंसे यात्रियों की संख्या, राहत, बसों, हेलिकॉप्टरों व अन्य व्यय का ब्यौरा सरकार देगी।
