कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र में महिला व युवा शक्ति सम्मेलन का आयोजन, उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को मिलेगा “नगर पुरस्कार: मनीष शर्मा

Spread the love

कांगड़ा, सुरेन्द्र राणा: समाजसेवी एवं भाजपा नेता मनीष शर्मा तथा भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष चौधरी राजेश परयाल ने एक प्रेस बयान जारी कर बताया कि आगामी अप्रैल 2026 में कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र में महिला एवं युवा शक्ति सम्मेलन का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस सम्मेलन में महिला मंडलों व सेल्फ हेल्प ग्रुप से जुड़ी उन महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने सामाजिक कार्यों में उत्कृष्ट योगदान दिया है।

उन्होंने बताया कि कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र के लगभग 300 महिला मंडलों को 6 ज़ोन में विभाजित किया गया है। कांगड़ा क्षेत्र के लिए दो और पालम क्षेत्र के लिए चार ज़ोन बनाए गए हैं। प्रत्येक दो माह बाद इन ज़ोनों में क्रमवार कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

युवा सम्मान समारोह भी जल्द

मनीष शर्मा और राजेश परयाल ने बताया कि जल्द ही युवा सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले लगभग 700 युवा खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा।

युवाओं को नशे से दूर रखने का उद्देश्य

दोनों नेताओं ने कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को आगे बढ़ाना और उन्हें नशे से दूर रखने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि युवा किसी भी देश की सबसे बड़ी ताकत होते हैं, इसलिए उन्हें सकारात्मक दिशा में ले जाना समय की आवश्यकता है।

महिलाओं के योगदान को मिलेगा सम्मान

नेताओं ने कहा कि महिलाएं घर-परिवार की जिम्मेदारियों के साथ समाज सेवा में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं लागू की गई हैं। ऐसे में महिलाओं को एक मंच पर लाकर उनके कार्यों को सम्मानित करना हमारा कर्तव्य है।

सम्मेलन के दौरान महिलाओं के लिए रस्साकशी, मटका फोड़, म्यूजिकल डांस तथा अन्य सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। विजेताओं को विशेष पुरस्कार दिए जाएंगे। कार्यक्रम में लगभग 1000 महिलाओं के भाग लेने की उम्मीद है।

अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी भी मिलेगी

सम्मेलन में महिलाओं और युवाओं को सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं, उनके अधिकारों और उपलब्ध अवसरों की जानकारी भी दी जाएगी। नेताओं ने कहा कि महिला मंडल समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, और यह सम्मान उनके मनोबल को और बढ़ाएगा।

आगामी समय में और कार्यक्रम

मनीष शर्मा और राजेश परयाल ने कहा कि आगामी महीनों में भी महिलाओं और युवाओं के लिए विभिन्न कार्यशालाएं, प्रतियोगिताएं और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि इन्हें और अधिक सशक्त बनाया जा सके और समाज में उनकी भूमिका मज़बूत हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *