मोहाली, सुरेन्द्र राणा। पंजाब सरकार ने 29 नवंबर 2025 को अतिरिक्त राजपत्र (Punjab Govt. Gazette Extra) जारी करते हुए मोहाली और आसपास के कई सेक्टरों की प्रशासनिक सीमाओं में बड़ा बदलाव किया है। नए नोटिफिकेशन के अनुसार सेक्टर 48, 56, 55, 54, 53, 62, 63, 64, 65, 66, 82, 83, 85, 86 सहित कई इलाकों की सीमा, सेक्टर निर्धारण एवं उप–सेक्टर मैपिंग को नए सिरे से व्यवस्थित किया गया है।इस पुनर्गठन का सबसे अहम हिस्सा यह है कि वेव एस्टेट, सेक्टर-85 अब आधिकारिक रूप से नगर निगम (MC) मोहाली में शामिल हो गया है। इससे इलाके में नागरिक सुविधाओं, बुनियादी ढांचे, कचरा प्रबंधन, सड़क रखरखाव और अन्य नगरपालिका सेवाओं में सुधार की उम्मीद बढ़ी है।रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) वेव एस्टेट सेक्टर-85 के अध्यक्ष मनोज शर्मा (A-395) ने इस फैसले पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए “बधाई दी है! कहा कि हमारा सेक्टर अब MC मोहाली के अंदर आ गया। यह पूरे क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है। अब यहां के निवासियों को बेहतर सुविधाएं और योजनाओं का सीधा लाभ मिलेगा। कई वर्षों से चली आ रही हमारी मांग आखिरकार पूरी हो गई है। उन्होंने कहा कि वेव एस्टेट को अब कजौली वॉटर टैंक से भाखड़ा का स्वच्छ और उच्च गुणवत्ता वाला पानी मिलेगा, नगर निगम मोहाली की सफ़ाई, कूड़ा प्रबंधन और मेंटेनेंस सेवाओं का सीधा लाभ मिलेगा, सड़क-लाइट-सीवरेज जैसी सुविधाओं के रखरखाव में सुधार होगा और भविष्य में इंफ्रास्ट्रक्चर विकास तथा नगर निगम सेवाओं में पारदर्शिता और तेजी आने की उम्मीद बढ़ेगी।
सरकार ने नोटिफिकेशन में बताया है कि सीमा निर्धारण जनसंख्या अनुपात, भौगोलिक संरचना और प्रशासनिक सुविधा को ध्यान में रखते हुए किया गया है। नए आदेश लागू होते ही यह बदलाव प्रभावी होंगे और नगर निगम संबंधित क्षेत्रों में जल्द ही कार्य-योजनाएं शुरू करेगा।
