मंडी, काजल: मंडी का पड्डल मैदान एक बार फिर ऐतिहासिक राजनीतिक घटना का गवाह बनने जा रहा है। सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सुंदरनगर के जवाहर पार्क को पीछे छोड़ते हुए मंडी के पड्डल मैदान में ही राज्य सरकार के गठन के तीन साल पूरे होने पर जश्न मनाने को हरी झंडी दे दी है। यह जश्न स्टेट लेवल का होगा और इसके आयोजन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। कार्यक्रम पड्डल में 11 दिसंबर को होगा। इस जश्न को लेकर मंडी जिला प्रशासन के अधिकारियों के बीच बैठक भी हुई है। प्रदेश सरकार के तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर मंडी में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय समारोह की तैयारियों के दृष्टिगत उपायुक्त अपूर्व देवगन की अध्यक्षता में एक बैठक का आयोजन किया गया। इसमें समारोह के सफल आयोजन के लिए रूप-रेखा तय करते हुए विभिन्न विभागीय अधिकारियों को जिम्मेवारियां सौंपी गईं।
इस कार्यक्रम के लिए प्रस्तावित स्थल पड्डल मैदान में सभी प्रबंध समय पर पूरे किए जाएं। प्रदेश सरकार का यह अति महत्त्वपूर्ण कार्यक्रम है और सभी अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय व पूरी गंभीरता के साथ अपने-अपने कत्र्तव्यों का निर्वहन करें। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विभिन्न समितियां भी गठित की जा रही हैं। समारोह स्थल पर विभागीय प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी। सभी विभागाध्यक्षों को इसके लिए समय रहते प्रबंध पूरे करने होंगे। बैठक में अतरिक्त उपायुक्त गुरसिमर सिंह, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी डा. मदन कुमार, एसडीएम मंडी रुपिंद्र कौर, सहायक आयुक्त केएस पटियाल सहित संबंधित विभागों के उच्चाधिकारी उपस्थित थे।
