वोट चोरी के खिलाफ शिमला में 20 नवंबर को युवा कांग्रेस करेंगी प्रदर्शन।

Spread the love

शिमला, सुरेन्द्र राणा:विपक्ष के नेता राहुल गांधी लगातार भाजपा पर वोट चोरी का आरोप लगा रहे हैं। इसके खिलाफ कांग्रेस के द्वारा देश भर में वोट चोर गद्दी छोड़ अभियान भी चलाया गया। बिहार में महागठबंधन की हुई करारी हार के बाद कांग्रेस एक बार फिर इस जीत को पचा नहीं पा रही है। अखिल भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव व हिमाचल युवा कांग्रेस प्रभारी शेष नारायण ओझा ने भाजपा और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला।

शेषनारायण ओझा ने शिमला में पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि राहुल गांधी ने जो तथ्य सामने रखे हैं, वे लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा हैं। भाजपा पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी ने जनता का जनादेश छीनकर सत्ता पर कब्जा किया है। आरोप लगाया कि मतदाता सूची में गड़बड़ी भाजपा सरकार की साजिश का हिस्सा है। कांग्रेस की जांच में हजारों ऐसे वोट पाए गए जो काल्पनिक मकानों पर दर्ज हैं, वहीं कई मृत व्यक्तियों के नाम सूची में अब भी सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति के नाम पर कई वोट दर्ज होना चुनावी प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर बड़ा सवाल है।उन्होंने कहा कि एक ब्राज़ील की मॉडल के नाम पर 22 वोट दर्ज मिले हैं, जबकि एक विधानसभा क्षेत्र में एक ही महिला की 100 तस्वीरें मतदाता सूची में शामिल हैं। एक बूथ पर एक बुजुर्ग महिला के नाम से 223 वोट दर्ज पाए गए, जो असल में अस्तित्व में ही नहीं हैं। आरोप लगाया कि भाजपा और चुनाव आयोग की मिलीभगत से हरियाणा का जनमत चोरी किया गया है। उन्होंने चुनाव आयोग से तुरंत निष्पक्ष जांच की मांग की। वोट चोरी के खिलाफ युवा कांग्रेस 20 नवंबर को शिमला में प्रदर्शन करेगी और राजभवन तक मार्च निकालेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *