आंदोलन से चिट्टे पर प्रहार करेंगे सीएम सुक्खू, रिज से शुरू होगी एंटी चिट्टा वॉकथन, प्रदेश में चलेगी मुहिम

Spread the love

शिमला, सुरेन्द्र राणा: हिमाचल में चिट्टे के खिलाफ मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू आज प्रहार करेंगे। नशे के खिलाफ एक जन आंदोलन की शुरुआत राज्य स्तरीय चिट्टा मुक्ति वॉकथन से की जाएगी। इसे मुख्यमंत्री शनिवार को रिज से रवाना करेंगे। प्रदेश नशा माफिया जड़ से खत्म करने के प्रदेश स्तरीय अभियान शुरू करेगी। हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की सरकार ने नशा तस्कारों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए 2023 से अब तक तीन वर्षो में नशा तस्करों की 35.95 करोड़ की संपत्ति कुर्क की है, जिसमें 2023 में नशा तस्करों की 4.87 करोड़, 2024 में 24.42 करोड़ और 2025 में अब तक 6.66 करोड़ की संपत्ति कुर्क की है। प्रदेश में पिछले तीन वर्र्ष में पुलिस ने 1140 मामलों में 1803 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नशा तस्करी के बड़े मामलों में 919 किलो चरस, 32.9 किलो हेरोइन, 1632 किलो भुक्की, 89.6 किलो अफीम की खेप पकड़ी है।मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में यह वॉकथन ‘नशामुक्त हिमाचल’ के संकल्प को मजबूत करेगा। यह कार्यक्रम 15 नवंबर दिन शनिवार को सुबह 11 बजे रिज से शुरू होगा। वॉकथन का मार्ग रिज मैदान से विधानसभा होते हुए चौड़ा मैदान तक रहेगा। इस अभियान का नारा चिट्टा छोड़ो, जीवन अपनाओ, कदम से कदम मिलाकर चिट्टा मुक्त नया हिमाचल का संकल्प दिया गया है। पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी ने बताया कि यह अभियान केवल नशा विरोधी कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक सामाजिक आंदोलन है, जिसमें जनता, विद्यार्थी, सामाजिक संगठन और स्वयंसेवक सभी की भागीदारी होगी। उन्होंने बताया कि शिमला में मुख्य आयोजन के बाद राज्य के सभी जिलों में स्थानीय पुलिस और प्रशासन के सहयोग से इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *