चम्बा: चुराह विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक डा. हंसराज ने गुरुवार को चंबा में पुलिस के समक्ष उपस्थित होकर जांच में सहयोग दिया। विधायक की पेशी के दौरान महिला थाना चंबा में करीब तीन घंटे तक गहन पूछताछ की गई। पुलिस ने आरोपों से जुड़े प्रत्येक बिंदु पर विस्तार से सवाल किए। पूछताछ के तुरंत बाद पुलिस टीम ने विधायक का मेडिकल कालेज चंबा में आवश्यक मेडिकल परीक्षण करवाया गया। उल्लेखनीय है कि यौन शोषण के आरोपों से घिरे विधायक को अदालत द्वारा 22 नवंबर तक पुलिस जांच में सहयोग की शर्त पर अंतरिम जमानत दी गई है। इसी क्रम में महिला थाना ने उन्हें कड़े निर्देश दिए हैं कि जब भी जांच के लिए बुलाया जाएगा, उन्हें तुरंत थाने में पेश होना होगा।
इस बीच, पुलिस ने आगामी जांच प्रक्रिया के लिए विधायक को शनिवार को दोबारा तलब किया है। बताते चलें कि सात दिन पहले चुराह क्षेत्र की एक युवती ने विधायक पर शादी का झांसा देकर लंबे समय तक यौन शोषण करने तथा नाबालिग होने के दौरान शारीरिक संबंध बनाने के गंभीर आरोप लगाए थे। इसी शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 तथा पोक्सो अधिनियम की धारा 6 के तहत मामला दर्ज किया था।
