शिमला, सुरेन्द्र राणा: दिल्ली में लाल किले के पास हुए कार ब्लास्ट की टाइमिंग पर हिमाचल प्रदेश के कैबिनेट मंत्री जगत सिंह नेगी ने गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि हर बार चुनाव से पहले ऐसी घटनाएं होना अपने आप में बड़ा प्रश्न है। नेगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी टिप्पणी की कि मुसीबत के समय देश के प्रधानमंत्री अक्सर विदेश यात्रा पर रहते हैं, जो देश की एक बड़ी विडम्बना है।नेगी ने कहा कि देश में किसी भी धमाके के बाद सामान्य अलर्ट जारी होता है और हिमाचल में भी अलर्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने पुलवामा और पहलगाम का ज़िक्र करते हुए कहा कि तब भी चुनाव का दौर था, और अब बिहार में वोटिंग से पहले धमाका होना कई शक खड़े करता है।इसके साथ ही नेगी ने मंडी में आपदा प्रभावितों को राहत बांटने पर विपक्ष के नेता जयराम ठाकुर के बयान का पलटवार किया। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर बिना वजह बयानबाज़ी कर रहे हैं, जबकि प्रभावितों को चैक भी दिए गए और राहत राशि सीधे खातों में भी भेजी गई है।नेगी ने दावा किया कि स्थानीय प्रशासन ने जयराम ठाकुर और अन्य विधायकों को कार्यक्रम में बुलाया था, लेकिन जयराम शामिल नहीं हुए। उन्होंने कहा कि जनमंच के समय मंच साझा करने पर झूठा केस दर्ज हुआ था, और जयराम उसकी नाराज़गी अभी भी निकाल रहे हैं।नेगी ने प्रधानमंत्री और जयराम ठाकुर पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि झूठ बोलने का ओलम्पिक हो, तो पदक लेकर आएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने 1500 करोड़ की सहायता की घोषणा की थी, लेकिन आज तक सहयोग नहीं मिला। उनका कहना है कि केंद्र जानबूझकर देरी कर रहा है और भाजपा चाहती है कि प्रदेश और कठिनाइयों में फंस जाए।वहीं कुल्लू की तीर्थन घाटी के झनियार में हुए अग्निकांड पर उन्होंने दुख जताया और कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क विस्तार आसान नहीं होता, ऐसे में कई बार आग की घटनाएं बड़ा रूप ले लेती हैं। सरकार लगातार सुधार के प्रयास कर रही है।
