श्रीरेणुकाजी मेला आज, मुख्यमंत्री सुक्खू करेंगे आगाज, मां रेणुका से मिलने पहुंचेंगे भगवान श्रीपरशुराम जी

Spread the love

सिरमौर, अभय: हिमाचल प्रदेश के सबसे बड़े व प्राचीन धार्मिक मेलों में शुमार अंतरराष्ट्रीय श्रीरेणुकाजी मेले का शुभारंभ मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शुक्रवार को करेंगे। मुख्यमंत्री मां-पुत्र के पावन मिलन के प्रतीक श्रीरेणुकाजी मेले का ्रशुभारंभ भगवान परशुराम जी की पालकियों को कांधा देने के साथ करेंगे। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे ददाहू पहुंचेंगे। उसके पश्चात मुख्यमंत्री द्वारा देव अभिनंदन व शोभा यात्रा का शुभारंभ किया जाएगा। इसके साथ ही भगवान श्री परशुराम जी की चार पालकियों को मुख्यमंत्री कांधा देकर श्रीरेणुकाजी के लिए रवाना करेंगे। इसके बाद छह दिवसीय अंतरराष्ट्रीय श्रीरेणुकाजी मेले का शुभारंभ हो जाएगा। मुख्यमंत्री द्वारा सवा चार बजे श्रीरेणुकाजी में भगवान श्री परशुराम जी पूजा अर्चना की जाएगी। इसके बाद मुख्यमंत्री द्वारा विभिन्न विभागों की विकासात्मक प्रदर्शनियों का उद्घाटन व अवलोकन किया जाएगा। बता दें कि प्रतिवर्ष मेले के दौरान भगवान श्री परशुराम अपनी मां श्रीरेणुकाजी से मिलने आते हैं।

जिला प्रशासन द्वारा इस बार पहला प्रयास किया गया है कि रेणुकाजी में श्रीरेणुकाजी माता की आरती होगी, जिसमें शुद्ध देशी घी के 500 दीये प्रतिदिन झील को जगमग करेंगे। उसके पश्चात माता श्रीरेणुकाजी की आरती होगी। शाम छह बजे रेणु मंच पर दीप प्रज्वलित कर मुख्यमंत्री अंतरराष्ट्रीय श्रीरेणुकाजी मेले का विधिवत शुभारंभ करेंगे। मेले का समापन पांच नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर होगा, जिसमें पवित्र रेणुका झील में हजारों की संख्या में श्रद्धालु स्नान करेंगे। मेले का समापन राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल द्वारा किया जाएगा। राज्यपाल द्वारा भगवान श्री परशुराम जी मंदिर में पूजा अर्चना के बाद देव विदाई की जाएगी। पांच नवंबर को ही राज्यपाल द्वारा विभिन्न प्रदर्शनियों का अवलोकन किया जाएगा। तत्त्पश्चात श्रीरेणुकाजी मेले के दौरान विभिन्न प्रकार की गतिविधियों के सर्वश्रेष्ठ को पुरस्कार वितरण किया जाएगा।इसके अलावा छह दिनों तक सांस्कृतिक संध्याओं का भी आयोजन किया जाएगा। उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, नाहन के विधायक अजय सोलंकी, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आनंद परमार के अलावा तमाम आला नेता इस दौरान उपस्थित होंगे। इसके साथ ही उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने तमाम श्रद्धालुओं का आह्वान किया है कि मेले के दौरान भीड़ को देखते हुए जेवरात आदि न पहनें। प्रशासन को श्रद्धालुओं के सहयोग की आवश्यकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *