चंडीगढ़, सुरेन्द्र राणा; छत्तीसगढ़ की राजधानी नवा रायपुर में भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत में एक नया उज्ज्वल अध्याय जुड़ने जा रहा है। ब्रह्माकुमारीज़ संगठन द्वारा निर्मित ‘शांति शिखर – एकेडमी फॉर ए पीसफुल वर्ल्ड’ का भव्य लोकार्पण देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कर-कमलों से आगामी 1 नवंबर 2025, शनिवार को सुबह 10 बजे किया जाएगा।
यह नव-निर्मित मेडिटेशन सेंटर केवल एक भवन नहीं, बल्कि एक प्रेरणास्थल के रूप में उभर रहा है, जहाँ राजयोग, ध्यान और आध्यात्मिक साधना के माध्यम से मानव जीवन में संतुलन और मानसिक शांति स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा।
इस ऐतिहासिक अवसर पर समारोह की गरिमा बढ़ाने के लिए छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रामेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, ब्रह्माकुमारी संगठन की राजयोगिनी जयंती दीदी, राजयोगी मृत्युंजय भाई तथा अनेक वरिष्ठ राजयोगिनी एवं राजयोगी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम का आयोजन नवा रायपुर स्थित शांति शिखर परिसर में किया जा रहा है, जहाँ देशभर से संत, साधक और श्रद्धालु बड़ी संख्या में भाग लेने पहुंचेंगे। यह आयोजन न केवल ब्रह्माकुमारीज़ संगठन के लिए बल्कि पूरे भारत के लिए एक महत्वपूर्ण आध्यात्मिक मील का पत्थर माना जा रहा है।
