नवंबर के पहले हफ्ते चुनाव प्रचार को बिहार जाएंगे सीएम सुक्खू, हाईकमान ने बनाए स्टार प्रचारक

Spread the love

शिमला,सुरेन्द्र राणा:बिहार विधानसभा चुनाव में हिमाचल प्रदेश से भी सियासी सरगर्मी बढ़ने जा रही है। कांग्रेस हाईकमान ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को बिहार चुनाव के लिए पार्टी का स्टार प्रचारक नियुक्त किया है। मुख्यमंत्री सुक्खू नवंबर के पहले सप्ताह में बिहार दौरे पर जाएंगे, जहां वह कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में जनसभाएं और रोड शो करेंगे।

सूत्रों के अनुसार सुक्खू को विशेष रूप से उन क्षेत्रों में प्रचार की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, जहां उत्तर भारत से जुड़ी बड़ी आबादी है। पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि सुक्खू का संगठनात्मक अनुभव कांग्रेस को बिहार में लाभ दिलाने में सहायक होगा। पार्टी सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री सुक्खू का यह दौरा दो से तीन दिनों का होगा। इस दौरान वह पटना, गया और भागलपुर जिलों में आयोजित जनसभाओं में हिस्सा लेंगे। मुख्यमंत्री के भाषणों में लोकतंत्र की मजबूती, जनता से सीधा संवाद और जनता के अधिकारों की रक्षा मुख्य मुद्दे होंगे।

दूसरी ओर, भाजपा भी हिमाचल से अपने वरिष्ठ नेताओं को बिहार भेजने की तैयारी में है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर नवंबर में बिहार में प्रचार के लिए रवाना होंगे। जयराम ठाकुर भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में कई जिलों में जनसभाएं करेंगे और कांग्रेस सरकार की नीतियों पर निशाना साधेंगे। बताया जा रहा है कि भाजपा ने हिमाचल के कई सांसदों और विधायकों को भी प्रचार अभियान में शामिल करने का फैसला लिया है। बिहार विस चुनाव में हिमाचल के नेताओं की सक्रियता दोनों पार्टियों के लिए एक राष्ट्रीय संदेश भी होगी। एक ओर कांग्रेस सुक्खू के जरिये अपने सुशासन और जनकल्याण मॉडल को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करना चाहती है। वहीं भाजपा जयराम ठाकुर के माध्यम से डबल इंजन सरकार के विकास मॉडल को सामने लाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *