शिमला, सुरेन्द्र राणा: ऐतिहासिक रिज मैदान पर शुक्रवार देर शाम सैकड़ों महिलाओं ने चांद का दीदार कर एकसाथ करवाचौथ का व्रत खोला। रिज पर रात 8:00 बजे से ही विवाहित जोड़ों का जुटना शुरू हो गया था। इस दौरान पुलिस जवान भी बाइक पर गश्त लगाते नजर आए। बादलों के बीच चांद का दीदार होगा या नहीं, इसे लेकर भी महिलाएं बेसब्री से इंतजार कर रही थी।
ठीक 8:30 जैसे ही केलस्टन क्षेत्र की ओर से चांद निकला कि महिलाएं छननी लेकर व्रत खोलने के लिए खड़ी हो गई। स्थानीय लोगों सहित सैलानी जोड़ों ने भी रिज पर छननी से चांद देखकर करवाचौथ की पूजा की। इस दौरान कई बुजुर्ग दंपति भी करवाचौथ का व्रत खोलने के लिए रिज पर पहुंचे।
