राष्ट्रीय मीडिया महासम्मेलन 2025, राज्यपाल बोले- हमारी शांति भंग करने वालों को छोड़ा नहीं जाएगा

Spread the love

आबूरोड (राजस्थान),सुरेन्द्र राणा: ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान के मीडिया विंग द्वारा आयोजित राष्ट्रीय मीडिया महासम्मेलन 2025 का शनिवार को शुभारंभ हुआ। राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागड़े ने दीप प्रज्ज्वलित कर सम्मेलन का उद्घाटन किया। चार दिन चलने वाले इस महासम्मेलन में देशभर से 1500 से अधिक पत्रकार, संपादक और संवाददाता भाग ले रहे हैं। सम्मेलन का मुख्य विषय शांति, एकता और विश्वास रखा गया है।

राज्यपाल बागड़े ने कहा कि मीडिया लोकतंत्र की जड़ों को सींचता है और इसे सदा हरा-भरा बनाए रखता है। उन्होंने चेतावनी दी कि “हम किसी की शांति भंग नहीं करेंगे, लेकिन यदि कोई हमारी शांति भंग करने की कोशिश करेगा, तो उसे भी छोड़ा नहीं जाएगा।” उन्होंने कहा कि लोकतंत्र जाति पर नहीं बल्कि विचार और देशहित पर आधारित होना चाहिए।राज्यपाल ने ब्रह्माकुमारीज़ संस्था की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह संगठन भारतीय संस्कृति को बचाने का कार्य कर रहा है। “ब्रह्माकुमारीज़ ने नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण और अंधविश्वास दूर करने में उल्लेखनीय योगदान दिया है। महिलाओं का इतना बड़ा संगठन विश्व में दूसरा नहीं मिलेगा,” उन्होंने कहा।ब्रह्माकुमारीज़ की मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी बीके मोहिनी दीदी ने कहा कि शांति हम सबका स्वधर्म है। “आज हिंसा और स्वार्थ बढ़ रहा है, पर हमें शांति का अभ्यास करना होगा। शांति अपने मन से शुरू होती है और वही परिवार, समाज और विश्व तक जाती है।”मीडिया विशेषज्ञों ने भी सम्मेलन में विचार रखे। प्रो. संजय द्विवेदी (माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल) ने पत्रकारों को समाज की आंखें बताते हुए सकारात्मक और रचनात्मक कंटेंट पर बल दिया।

वहीं रायपुर के प्रो. डॉ. मानसिंह परमार ने कहा कि मीडिया के जरिए शांति, एकता और विश्वास का दीपक पूरे विश्व में जलाया जा सकता है।कार्यक्रम में बीके करुणा भाई, बीके सरला दीदी, बीके शांतनु भाई सहित कई वक्ताओं ने विचार साझा किए। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में कत्थक नृत्यांगना श्वेता सागर और गायिका सारदा नाथ ने सभी का मन मोह लिया।सम्मेलन के दौरान राज्यपाल बागड़े ने पूर्व मुख्य प्रशासिका दादी हृदयमोहिनी के स्मृति स्तंभ पर श्रद्धांजलि अर्पित की और संस्थान की मुख्य प्रशासिका मोहिनी दीदी से आध्यात्मिक चर्चा भी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *