शिमला, सुरेन्द्र राणा।हिमाचल प्रदेश पेंशनर संयुक्त संघर्ष समिति, जिला शिमला की बैठक आज रोटरी क्लब, माल रोड शिमला में संयोजक मदन शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में विशेष रूप से समिति के अतिरिक्त महासचिव भूप राम वर्मा, प्रेस सचिव सैन राम नेगी, सह संयोजक मोहन ठाकुर व दीप राम शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गंगा राम शर्मा सहित कई पदाधिकारी व पेंशनर शामिल हुए।
बैठक में 17 अक्तूबर 2025 को प्रस्तावित जिला स्तरीय विरोध प्रदर्शन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई और इसे सफल बनाने के लिए रणनीति तैयार की गई। साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि जन-जागरण अभियान चलाकर सभी पेंशनरों को आंदोलन से जोड़ा जाएगा।समिति ने आरोप लगाया कि 1 जनवरी 2016 से 31 जनवरी 2022 तक सेवानिवृत्त हुए पेंशनरों को अब तक कम्यूटेशन, लीव इनकैशमेंट, ग्रेच्युटी, 13 प्रतिशत डीए तथा 111 माह का एरियर नहीं दिया गया है। इसके अलावा, मेडिकल बिलों के भुगतान भी पिछले तीन वर्षों से लंबित पड़े हैं, जिससे पेंशनरों में सरकार के प्रति गहरा रोष व्याप्त है।संयुक्त संघर्ष समिति ने 16 सितंबर 2025 को सरकार को एक माह का नोटिस जारी किया था।
समिति ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित अवधि में पेंशनरों की लंबित देनदारियों का निपटारा नहीं किया गया, तो प्रदेशभर में धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया जाएगा।बैठक में मीरा ठाकुर, सुभाष वर्मा, देवी लाल ठाकुर, गोपाल झिलटा, सत्य प्रकाश वर्मा, रितुराज, सुरत सिंह, दलीप जस्टा, ज्ञान चंद भलाई, हरदयाल, मोहन दास, इन्द्र सिंह, योग राज, गुलाब ठाकुर, रतन ठाकुर, घनश्याम ठाकुर, सुभाष झागटा, विजय, सुन्दर, अनिल सहित कई अन्य सदस्य मौजूद रहे।
