अब तक के सबसे निचले स्तर पर रुपया, नए आसमान पर सोने का भाव, चांदी भी महंगी

Spread the love

नई दिल्ली – रुपया मंगलवार को डालर के मुकाबले अब तक के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया। सुबह के कारोबार में रुपया 88.49 तक लुढक़ गया, जो दो हफ्ते पहले के ऑल टाइम लो (88.46) को पार कर गया। सोमवार को डालर के मुकाबले रुपया 12 पैसे की गिरावट के साथ 88.31 पर बंद हुआ था। यह गिरावट तब हुई, जब एशियाई बाजारों में डालर में थोड़ी सी कमी आई थी। रुपए में इस गिरावट की वजह एशियन करंसी की कमजोरी और अमरीकी डालर का मजबूत होना है। बता दें कि रुपया 2025 में अब तक 3.25 फीसदी कमजोर हो चुका है। पहली जनवरी को रुपया डालर के मुकाबले 85.70 के स्तर पर था, जो अब 88.49 के लेवल पर पहुंच गया है। रुपए में गिरावट का मतलब है कि भारत के लिए चीजों का इम्पोर्ट महंगा होना है।इसके अलावा विदेश में घूमना और पढऩा भी महंगा हो गया है। उधर, सोने-चांदी के दाम मंगलवार को एक बार फिर नए उच्चतम स्तर पर पहुंच गए। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के अनुसार 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 1,343 रुपए बढक़र 1,13,498 पर पहुंच गया है। सोमवार को सोना 1,12,155 के ऑल टाइम हाई पर था। वहीं, चांदी भी 1181 रुपए महंगी होकर 1,34,050 रुपए प्रति किलो पहुंच गई। इस साल अब तक सोने की कीमत करीब 37,336 रुपए बढ़ गई है। चांदी का भाव भी इस दौरान 48,033 रुपए बढ़ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *