हमीरपुर, सुरेन्द्र राणा:हमीरपुर जिले के चबूतरा गांव में बीते माह भूस्खलन से बेघर हुए परिवारों की मदद के लिए एक प्रेरणादायक पहल सामने आई है। राजपूत महासभा हमीरपुर के जिला पदाधिकारी की बेटी और री पंचायत के लाहौल गांव की आकांक्षा डडवाल ने मानवता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए अपने माता-पिता, रिश्तेदारों और सहेलियों को प्रेरित कर 81 हजार रुपए की नकद राशि एकत्रित की।
यह राशि राजपूत महासभा के जिला महासचिव जोगिंदर ठाकुर की उपस्थिति में आपदा प्रभावित परिवारों के बीच वितरित की गई। आकांक्षा के इस प्रयास ने न सिर्फ पीड़ित परिवारों को राहत पहुंचाई बल्कि युवा पीढ़ी के लिए सेवाभाव और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रेरणादायक संदेश भी दिया।
गौरतलब है कि पिछले महीने आए भयंकर भूस्खलन में चबूतरा गांव के दर्जनभर परिवारों के घर जमींदोज हो गए थे या फिर असुरक्षित घोषित किए गए थे। कई परिवार आज भी पंचायत घर और वन विभाग के विश्राम गृह में अस्थायी रूप से रह रहे हैं।
