शिमला, सुरेन्द्र राणा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को भाजपा सेवा पखवाड़े के रूप में मना रही है। जिसके तहत आज 17 सितंबर से लेकर 2अक्टूबर तक अलग अलग कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। शिमला में आज भाजपा द्वारा गेयटी थिएटर में पीएम मोदी की जीवनी पर आधारित एक प्रदर्शनी लगाई जिसका शुभारंभ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ बिंदल ने किया और इसके बाद युवा मोर्चा द्वारा आयोजित एक रक्तदान शिविर में भी भाग लिया।
इस मौके पर डाॅ. राजीव बिन्दल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस की भी देशवासियों एवं प्रदेशवासियों को शत-शत बधाई दी और कहा कि आज शिमला में रिज मैदान पर मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में सेवा पखवाड़े की शुरूआत रक्तदान शिविर और फोटो प्रदर्शन कर की जा रही है। देश का परम सौभाग्य है कि नरेन्द्र मोदी जैसा प्रधानमंत्री देश को मिला है। पीएम मोदी ने 2014 से 2025 तक प्रधानमंत्री रहते हुए भारत को विश्व में शक्तिशाली राष्ट्र की श्रेणी में खड़ा कर दिया। 2014 तक भारत देश विश्व में आर्थिक पायदान पर 11वें स्थान पर खड़ा था जिसे 11 साल में चौथे पायदान पर लाकर खड़ा कर दिया और 2027 तक विश्व की तीसरी आर्थिक महाशक्ति बनाने हेतु कृत संकल्पित है। मोदी के शासन काल में देश में उत्पादन बढ़ा, निर्यात बढ़ा, आयात घटा, प्रति व्यक्ति आय बढ़ी, कृषि-बागवानी की पैदावार बढ़ी, मछली, दूध की पैदावार बढ़ने के साथ निर्यात बढ़ा जिससे किसानो की आमदनी में ईजाफा हुआ। खेती की लागत घटी और एमएसपी लगातार बढ़ने से किसान की आमदनी में बढ़ौतरी हुई। भारत विश्व का लीडर बनने जा रहा है।
इस मौके पर राजीव बिंदल ने कांग्रेस की सुक्खू सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि भाजपा आपदा की घड़ी में प्रदेश की जनता कर साथ खड़ी है और केंद्र सरकार से भी हिमाचल प्रदेश को 2023 से लेकर अब तक 6800 करोड़ रुपए की आर्थिक मदद मिल चुकी है। भाजपा शासित राज्यों से भी आपदा कोष में पैसे भेजे जा रहे हैं लेकिन हिमाचल की सरकार ने 2023 से अभी तक केवल 300 करोड़ की मदद आपदा प्रभावितों को दी है जो शर्मनाक है। कांग्रेस के नेता आपदा में गायब थे लेकिन भाजपा जमीनी स्तर पर लोगों का दर्द बांट रही है। भाजपा शासित राज्यों से भी आपदा कोष में पैसा भेजा जा रहा है लेकिन कांग्रेस शासित राज्यों से किसी ने मदद नहीं की।
