शिमला, सुरेंद्र राणा: हिमाचल में आपदा प्रभावित क्षेत्रों का प्रधानमंत्री ने किया हवाई सर्वेक्षण, 1500 करोड़ की सहायता की घोषणाप्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को हिमाचल प्रदेश के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया और कांगड़ा में समीक्षा बैठक कर स्थिति का जायज़ा लिया। बादलों के फटने, भारी बारिश और भूस्खलन से राज्य में हुए व्यापक नुकसान का आकलन करते हुए प्रधानमंत्री ने प्रदेश को 1500 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता देने की घोषणा की।प्रधानमंत्री ने कहा कि SDRF की दूसरी किस्त अग्रिम जारी की जाएगी। साथ ही पीएम किसान सम्मान निधि, पीएम आवास योजना, पीएमNRF से राहत और राष्ट्रीय राजमार्गों की बहाली पर भी कार्य किया जाएगा। किसानों के लिए विशेष पैकेज और बिजली कनेक्शन से वंचित कृषकों को भी अतिरिक्त सहायता प्रदान की जाएगी।आपदा में क्षतिग्रस्त मकानों का जियो-टैगिंग कर शीघ्र राहत पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी। स्कूल भवनों की क्षति का भी जियो-टैगिंग के ज़रिए आकलन कर समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत मदद दी जाएगी। प्रधानमंत्री ने जल प्रबंधन को मज़बूत बनाने के लिए वर्षा जल संचयन संरचनाओं के निर्माण पर भी ज़ोर दिया।
प्रधानमंत्री ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 50 हजार रुपये की एक्स-ग्रेशिया सहायता देने की घोषणा की।पीएम मोदी ने आपदा राहत और बचाव कार्यों में जुटे NDRF, SDRF, सेना, राज्य प्रशासन और आपदा मित्र स्वयंसेवकों की सराहना की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार हिमाचल की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए राज्य सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है और पुनर्निर्माण व पुनर्वास में हर संभव सहायता प्रदान करेगी।
