कांगड़ा; अभय:जानलेवा बरसात हर रोज जिंदगियों पर भारी पड़ रही है। शनिवार सुबह उपचार से लिए मरीज को लेकर लुधियाना जा रही एक एंबुलेंस गगरेट होशियारपुर मार्ग पर पंजाब सीमा में मंगूवाल के समीप भूस्खलन से क्षतिग्रस्त हुए सडक़ मार्ग से दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में समा गई। इसके चलते तीन लोगों की मौत हो गई और दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सिविल अस्पताल होशियारपुर दाखिल करवाया गया है।
होशियारपुर पुलिस ने आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह कांगड़ा के टांडा से एक एंबुलेंस मरीज को उपचार के लिए लुधियाना ले जा रही थी। एंबुलेंस में मरीज के परिजन भी सवार थे। मंगूवाल में भारी बरसात से सडक़ का एक डंगा बैठ गया है। यहीं पर एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त होकर करीब दो सौ फुट गहरी खाई में जा गिरी। इसके चलते संजीव कुमार पुत्र संतराम निवासी पठियार, ओंकार चंद व रमेश कुमार की मौत हो गई। दुर्घटना में एंबुलेंस चालक बॉबी व रेणु गंभीर रूप से घायल हुए हैं। एसएचओ होशियारपुर सदर मदन सिंह ने इसकी पुष्टि की है।
