शिमला, सुरेन्द्र राणा: हिमाचल प्रदेश कांग्रेस को नया अध्यक्ष मिलने की सुगबुगाहट तेज है। जहां एक तरफ़ हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह पद छोड़ने के संकेत दे चुकी हैं तो वहीं दूसरी तरफ़ मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने भी नया अध्यक्ष मिलने की बात कही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी नेताओं ने अपनी बात आलाकमान के सामने रखी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने व्यक्तिगत तौर पर आलाकमान से कहा है कि या तो अनुसूचित जाति के नेता या फिर मंत्रिमंडल के सदस्य को अध्यक्ष बनाया जाए। जो भी अध्यक्ष बनेगा, वह संगठन को मज़बूती देने का काम करेगा।मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि आलाकमान के साथ नए अध्यक्ष बनाने को लेकर सार्थक चर्चा हुई है। इस प्रक्रिया में लगभग दो महीने का वक़्त लग सकता है। साथ ही हिमाचल प्रदेश में पीसीसी अध्यक्ष के बाद जल्द ही मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल की भी संभावना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी एकजुट होकर पार्टी की मज़बूती के लिए काम करेंगे।हिमाचल प्रदेश में लॉटरी शुरू करने को लेकर भाजपा के आरोपों पर पलटवार करते हुए सीएम ने कहा कि भाजपा शासित कई राज्यों में लॉटरी चल रही है। मुख्यमंत्री ने कहा की सरकार की ओर से शुरू की गई लॉटरी के टिकट ऑनलाइन ही बिकेंगे, यह दुकानों में नहीं मिलेंगे। लोग अपनी मर्जी से लॉटरी लेंगे उन पर इसे थोपा नहीं जाएगा।
।वहीं कांग्रेस छोड़कर गए भाजपा में विधायक बने सुधीर शर्मा द्वारा अपने जन्मदिन के अवसर पर आपदा प्रभावित परिवारों को 51 लाख रुपये की राशि दिए जाने के संदर्भ में पूछे गए सवाल में मुख्यमंत्री ने कहा कि पता करना पड़ेगा यह राशि वही तो नहीं है जो पार्टी बदलने के लिए सुधीर शर्मा ने ली थी। इसकी जांच करनी पड़ेगी उन्होंने अपने खाते से पैसे दिए हैं या कहीं और से दिए हैं।
