हिमाचल प्रदेश पर चार अगस्त को कांग्रेस की दिल्ली में बड़ी बैठक, सीएम-मंत्री बुलाए

Spread the love

शिमला, सुरेन्द्र राणा: हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस संगठन के गठन की कवायद तेज हो गई है। चार अगस्त को हिमाचल पर कांग्रेस की दिल्ली में बड़ी बैठक होगी। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री समेत सभी मंत्रियों और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह को बैठक के लिए नई दिल्ली में बुलाया गया है।

नवंबर 2024 से हिमाचल में कांग्रेस की राज्य, जिला और ब्लॉक कमेटियां भंग हैं। बीते कुछ महीने से कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी सभी राज्यों में संगठनात्मक ढांचा मजबूत करने के लिए स्थानीय नेताओं के साथ बैठकें कर रहे हैं। इसी कड़ी में 4 अगस्त को हिमाचल के जुड़े मामलों के लिए बैठक बुलाई गई है। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार भी है, ऐसे में बैठक के दौरान सरकार के बीते ढाई साल के कामकाज की समीक्षा भी होगी। किन नई योजनाओं को सरकार ने प्रदेश में लागू कर जनता को राहत दी है, इसकी जानकारी ली जाएगी। क्या-क्या कमियां रहीं, इस पर भी बात होगी। सरकार और संगठन को एकजुट कर एक दिशा में चलाने के लिए राहुल गांधी पाठ भी पढ़ाएंगे। सभी मंत्रियों की परफार्मेंस को लेकर भी जवाबतलबी की जाएगी।पार्टी सूत्रों ने बताया कि बैठक का मुख्य एजेंडा प्रदेश में संगठन के गठन का रहेगा। साल 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए किस प्रकार से गतिविधियों को चलाया जाना है, इस पर बात होगी। निगमों-बोर्डों में रिक्त पड़े अध्यक्षों और उपाध्यक्षों के पदों पर नियुक्ति को लेकर भी बैठक में फैसला हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *