शिमला, सुरेंद्र राणा: राज्य सरकार ने पर्यटन विकास निगम के मुख्यालय के बाद आर्म्ड पुलिस एंड ट्रेनिंग (एपीटी) ब्रांच को भी शिमला से कांगड़ा स्थानांतरित कर दिया है। पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के निर्देशों के अनुसार शिमला शहर में भीड़-भाड़ कम करने के लिए यह कदम उठाया गया है।
अब एपीटी ब्रांच का संचालन पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय (पीटीसी) डरोह, कांगड़ा से किया जाएगा। पुलिस मुख्यालय से एडीजीपी (एटीपी) भी डरोह जाएंगे। इस शाखा की जिम्मेदारी पुलिस कर्मियों की तैनाती और प्रशिक्षण की रहती है। इससे पहले पूर्व सरकार में एपीटी कार्यालय को शिमला से कांगड़ा के पालमपुर स्थित बनूरी में बदलने की योजना थी। पुलिस ट्रेनिंग महाविद्यालय डरोह की डीआईजी सौम्या सांबशिवन ने बताया कि एपीटी स्टाफ के लिए पीटीसी डरोह में व्यवस्थाएं की जा चुकी हैं। इस बदलाव पुलिस विभाग के प्रशिक्षण कार्यों में गति गुणवत्ता दोनों में सुधार की उम्मीद है।
