दिल्ली:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से दोस्ती को नजरअंदाज करते हुए अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमरीका और भारत के बीच ट्रेड डील को लेकर एकतरफा ऐलान कर दिया है। ट्रंप ने टैरिफ की पहली अगस्त की डेडलाइन से पहले ही भारत के ऊपर 25 प्रतिशत का टैरिफ लगा दिया है। इसके साथ ही रूस से कच्चा तेल खरीदने के चलते भारत पर जुर्माना लगाने का भी ऐलान किया है। टैरिफ लगाते हुए अमरीकी राष्ट्रपति ने भारत के लिए धमकी भरी भाषा का प्रयोग किया। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि भले ही भारत हमारा दोस्त है, लेकिन सालों से हमने उनके साथ बहुत कम कारोबार किया है, क्योंकि वहां के टैरिफ (आयात शुल्क) बहुत ज्यादा हैं। दुनिया में सबसे ज्यादा में से एक और उनके पास ऐसे सख्त और परेशान करने वाले गैर-आर्थिक ट्रेड बैरियर्स (व्यापार अवरोध) हैं, जो किसी भी देश में सबसे मुश्किल माने जाते हैं। इसके अलावा, भारत हमेशा से अपनी ज़्यादातर सैन्य चीजें रूस से ही खरीदता आया है और चीन के साथ मिलकर रूस से सबसे ज्यादा ऊर्जा भी वही लेता है।ऐसे समय में जब सब चाहते हैं कि रूस यूक्रेन में मारकाट बंद करे, यह सब बातें अच्छी नहीं हैं। इसलिए अब भारत को पहली अगस्त से 25 फीसदी का टैरिफ देना होगा और रूस से कच्चा तेल आयात करने की वजह से एक पेनल्टी भी लगेगी। गौरतलब है कि इस वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही में अमरीका को भारत का एक्सपोर्ट 22.8 प्रतिशत बढक़र 25.51 अरब डालर हो गया था, जबकि आयात 11.68 प्रतिशत बढक़र 12.86 अरब डालर हो गया है।उधर, भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि भारत सरकार निश्चित रूप से इस पर कुछ कदम उठाएगी। भारत सरकार अमरीकी प्रशासन से भी बातचीत कर सकती है। इस फैसले के बाद चीजें निश्चित रूप से महंगी हो जाएंगी। हमें यह स्टडी करना होगा कि इसका बाजार पर क्या प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने आगे कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि टैरिफ लगाया गया है। मुझे उम्मीद है कि ट्रंप एडमिनिस्ट्रेशन को जल्द ही इसका एहसास होगा और वे इस फैसले को वापस ले लेंगे।
रूस और यूक्रेन के बीच पिछले तीन साल से युद्ध चल रहा है, जिस वजह से यूरोप के देशों ने रूस के ऊपर कई प्रतिबंध लगाए हुए हैं और यूरोपीय देश रूस से कच्चा तेल और गैस आयात नहीं कर रहे हैं। इस वजह से भारत पिछले कई सालों से रूस से सस्ता कच्चा तेल खरीद रहा है, जो कि अमरीका और यूरोप की आंखों की किरकिरी बना हुआ था। इसी के चलते अमरीकी राष्ट्रपति ने भारत के ऊपर 25 प्रतिशत का टैरिफ और जुर्माना लगाया है।
डोनाल्ड ट्रंप के भारत पर लगाए गए 25 प्रतिशत के टैरिफ का असर गुरुवार को शेयर बाजार में दिखाई दे सकता है। जानकारों के अनुसार टैरिफ का निर्णय भारतीय शेयर बाजार पर नेगेटिव असर डाल सकता है और बाजार में बड़ी गिरावट देखने को मिल सकती है, जबकि बीते दो कारोबारी दिनों में शेयर बाजार में उछाल देखने को मिला है।
