KNH में डिलीवरी के एक दिन बाद महिला की मौत, अस्पताल पर लापरवाही के परिजनों ने लगाए आरोप, इंटरनल इंक्वायरी के आदेश, तीन दिन में आएगी रिपोर्ट।

Spread the love

शिमला, सुरेंद्र राणा:मातृ शिशु अस्पताल KNH शिमला में डॉक्टरों की लापरवाही का बड़ा मामला सामने आया है। डिलीवरी के एक दिन बाद महिला की अस्पताल में मौत हो गई है। परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही बरतने के आरोप लगाए हैं। शिमला के गढ़ावग गांव की रहने वाली 27 साल की अर्चना शर्मा की गुरुवार सुबह 11:30 बजे सीजेरियन ऑपरेशन के जरिए डिलिवरी हुई थी और शुक्रवार सुबह 8: 30बजे मृत्यु हो गई।

परिजनों का कहना है कि आज शुक्रवार सुबह अर्चना को दूसरे कमरे में जबरदस्ती पैदल चल कर शिफ्ट करने को कहा गया। जिसके बाद नर्सों ने उसे बेड से उठाने की कोशिश की इस दौरान महिला को चक्कर आया और ब्लीडिंग भी शुरू हो गई। थोड़ी ही देर में महिला की मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि महिला का सीजेरियन ऑपरेशन हुआ था और चलने की स्थिति में नहीं थी लेकिन उसे जबरदस्ती दूसरे कमरे में शिफ्ट करने की कोशिश की जिससे उसकी मौत हो गई। महिला ने बीते कल ही एक बच्चे को जन्म दिया था और इससे पहले एक चार साल की बेटी घर पर है। परिजनों ने लापरवाही बरतने वाले डॉक्टर, नर्स पर कारवाई की गुहार लगाई है।

वहीं महिला की मौत मामले में KNH अस्पताल के एमएस सुंदर सिंह नेगी ने कहा कि अचानक से महिला की मौत है। महिला सुबह तक ठीक थी और रूटीन की तरह महिला को दूसरे कमरे में शिफ्ट किया जा रहा था।इस दौरान महिला को चक्कर आया और कुछ देर में मृत्यु हो गई। महिला की मौत के क्या कारण रहे इसकी इंटरनल जांच की जाएगी और तीन दिन के भीतर रिपोर्ट दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *