शिमला, सुरेन्द्र राणा: हिमाचल प्रदेश में पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से मुलाकात कर जनवरी 2016 से 31 जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों के लंबित वित्तीय लाभों को जारी करने की मांग उठाई है। सचिवालय में मुख्यमंत्री को सौंपे गए मांगपत्र में एसोसिएशन ने लीव इनकैशमेंट, ग्रेच्युटी, कम्युटेशन, 13 फाइनेंस डीए और एरियर के भुगतान की ओर ध्यान दिलाया।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेश ठाकुर और महासचिव भूप राम वर्मा ने किया। प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि इस मामले में वित्त विभाग और महालेखाकार कार्यालय के बीच समन्वय स्थापित कर लंबित भुगतान की प्रक्रिया को सरल और समयबद्ध बनाया जाए।
एसोसिएशन ने मांग की कि पेंशन स्वीकृति की तारीख को अंतिम रूप से पेंशन जारी करने की व्यवस्था लागू की जाए और इस विषय पर मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में पेंशनरों की ज्वाइंट बैठक जल्द आयोजित की जाए।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने एसोसिएशन की मांगों को गंभीरता से लेते हुए कहा कि सरकार इस पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगी और जल्द उचित निर्णय लिया जाएगा।
