प्रचंड गर्मी; 15 तक लू चलने का अलर्ट, 16 जून से बदल सकता है मौसम

Spread the love

शिमला, सुरेन्द्र राणा: जहां एक तरफ शिमला के रोहडू में शाम के समय आधे इलाके में घना अंधेरा छा गया और तूफान के साथ बारिश हुई, चंबा, सिरमौर के रोनहाट में भी बारिश हुई है, वहीं प्रदेश के अन्य सभी क्षेत्रों में प्रचंड गर्मी ने लोगों की हालत पतली कर दी। मौसम विभाग ने 15 जून तक कई जिलों में लू चलने का अलर्ट दिया है। 16 जून से मौसम में कुछ स्थानों पर बदलाव भी हो सकता है और लोगों का गर्मी से राहत मिल सकती है। फिलहाल राज्य के मैदानी इलाकों में सूरज की किरणें आग उगल रही हैं। ऊना, नेरी, हमीरपुर, बिलासपुर, कांगड़ा, मंडी, धौलाकुआं में भीषण गर्मी ने लोगों को झुलसा कर रख दिया है। गर्मी के चलते लोग घरों में कैद होकर रह गए हैं। प्रदेश के मैदानी इलाकों में जहां जमकर गर्मी पड़ रही है, वहीं जिला शिमला के रोहडू में बादल जमकर बरसे हंै, जिससे लोगों ने गर्मी से कुछ हद तक राहत ली है।मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के तहत प्रदेश में अभी दो से तीन दिन और लू चलेगी। किन्नौर, लाहुल-स्पीति व चंबा को छोडक़र शेष जिलों में लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 15 से 18 जून के बीच प्रदेश में बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया जा रहा है, जो तप रहे हिमाचल को गर्मी से राहत लेकर आ सकता है।बीते 24 घंटों के दौरान भुंतर, ऊना व मंडी में कई स्थानों पर हीटवेव रिकॉर्ड की गई है। गुरुवार को भी मंडी, ऊना, कांगड़ा व बिलासपुर में कई स्थानों पर गर्म हवाएं चली हैं। प्रदेश में अधिकतम व न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक रिकॉर्ड किया जा रहा है।

प्रदेश के ऊना में 2005 व 2019 में जून माह के दौरान सबसे अधिक तापमान रिकार्ड किया गया था। 21 जून, 2005 को अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री आंका गया था। इसके अलावा 10 जून, 2019 को भी अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था, जो जून माह में अभी तक का सर्वाधिक है।

अधिकतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में)

ऊना 43.0, बिलासपुर 39.8, हमीरपुर 39.0, कांगड़ा 37.8, मंडी 37.6, धौलाकुआं 37.1, नेरी 41.2, भुंतर 37.5, धर्मशाला 36.2

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *