पंजाब, ब्यूरो: अमृतसर पुलिस ने एक ऐसे रैकेट का भंडाफोड़ किया है, जो महिलाओं के माध्यम से लोगों को फंसाकर और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करता है। पुलिस ने इस मामले में 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक फर्जी इंस्पेक्टर और कुछ महिलाएं भी शामिल हैं। मामला तब सामने आया जब बटाला निवासी जसपाल सिंह ने अमृतसर के मकबूलपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई। एक महिला ने उसे अमृतसर के अल्फा वन के पास बुलाया।
वहां एक कमरे में बंद कर अश्लील वीडियो बना लिया। इसके बाद महिला ने जसपाल से चार लाख रुपए की मांग की। एडीसीपी जगरूप कौर बाठ के अनुसार, पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। इस गिरोह का पर्दाफाश करने के लिए गठित टीमों ने मानसा, होशियारपुर और गुरदासपुर समेत पूरे पंजाब में छापेमारी की। पहले पांच लोगों को पकड़ा गया। पूछताछ के बाद कुल 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरोह का एक सदस्य खुद को पुलिस इंस्पेक्टर बताकर लोगों को धमकाता था। आरोपी पंजाब के अलग-अलग हिस्सों में ऐसी वारदातें कर चुके हैं।
पुलिस ने इनके पास से 15 मोबाइल फोन, 36 हजार रुपए नकद और तीन कारें बरामद की हैं। पुलिस ने अपहरण और जबरन वसूली का केस दर्ज किया है। गिरोह के कुछ अन्य सदस्य अभी फरार हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर कोई इस गिरोह का शिकार हुआ है, तो मकबूलपुरा थाने में सूचना दे। आरोपियों के पास से 36 हजार रुपए, तीन कारें, तीन फर्जी आईडी कार्ड, जिनमें एक भ्रष्टाचार विरोधी मोर्चा प्रधान मनजीत सिंह संघेरा के नाम से, दूसरी एएसआई सुखचैन सिंह के नाम से विजिलेंस ब्यूरो का कार्ड और तीसरी बलजीत सिंह के नाम से किसान यूनियन का कार्ड, गिरफ्तार आरोपियों के मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
