एचआरटीसी का कारनामा : साधारण बस में वसूल लिया वोल्वो का किराया, यात्रियों ने निगम प्रबंधन से की शिकायत

Spread the love

कांगड़ा, अभय: हिमाचल पथ परिवहन निगम की ओर से साधारण बस में यात्रियों से वोल्वो बस का किराया वलूलने का मामला सामने आया है। रोजाना रात साढ़े नौ बजे एचआरटीसी की वोल्वो बस धर्मशाला बस स्टैंड से शिमला के लिए रवाना होती है। सोमवार रात को वोल्वो बस हमीरपुर के आसपास तकनीकी खराबी के कारण खड़ी थी। यात्रियों ने धर्मशाला से शिमला के लिए ऑनलाइन बुकिंग करवा रखी थी। जब धर्मशाला बस स्टैंड पर कोई वोल्वो बस उपलब्ध न हुई तो निगम प्रबंधन ने साधारण बस को हमीरपुर बस स्टैंड तक रवाना कर दिया।

इस दौरान इस बस में जितने भी यात्री सवार हुए, उनसे वोल्वो बस का किराया वसूला गया। विरोध करने पर बस के परिचालक ने बताया कि उनके पास जो टिकटिंग मशीन है, वह वोल्वो बस की है। इसलिए प्रति किलोमीटर वोल्वो बस के हिसाब से टिकट मशीन से निकल रही है। धर्मशाला से शिमला के लिए साधारण बस का किराया 607 रुपये और धर्मशाला से हमीरपुर तक बस किराया 235 रुपये है। जबकि वोल्वो बस का किराया धर्मशाला से शिमला तक 1385 रुपये है। साधारण बस में हमीरपुर तक जाने वाले सभी यात्रियों से वोल्वो बस का किराया वसूल किया गया। यात्री रोहित, सुरेश और विपिन कुमार ने कहा कि एक तो उनसे वोल्वो बस का किराया वसूल किया गया। ऊपर से जो साधारण बस हमीरपुर तक भेजी गई, उसकी हालत काफी खराब थी। इस कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। इस मामले को लेकर यात्रियों ने निगम प्रबंधन से शिकायत भी की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *