- शिमला, सुरेन्द्र राणा:मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में सोमवार को कैबिनेट की बैठक होगी। यह बैठक सचिवालय में 12 बजे होनी है। इस बैठक से पहले मंत्रियों का भी शिमला पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है।
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री शिमला में ही हैं, वहीं जगत सिंह नेगी जो विदेश गए थे वो भी शिमला पहुंच सकते हैं। इससे पहले दो दिन तक लगातार कैबिनेट की बैठकें हुई थीं जिसमें सरकार ने कई बड़े फैसले लिए। मगर उस बैठक में कर्मचारियों की रिटायरमेंट ऐज और कम्युटेशन के मामलों पर चर्चा नहीं हो सकी। क्योंकि कैबिनेट सब-कमेटी ने अपनी सिफारिशें दे रखी हैं लिहाज उनको कैबिनेट के सामने रखना भी जरूरी है। ऐसे में हो सकता है कि सोमवार को होने वाली इस बैठक में इन मुद्दों पर चर्चा हो और कोई बड़ा फैसला सरकार ले।
इसके साथ करूणामूलक आश्रितों की नौकरी को लेकर भी कैबिनेट सब-कमेटी ने अपनी सिफारिशें सरकार को दे दी हैं और उनकी सिफारिशों को भी कैबिनेट में लाया जाना है। इनकी आय सीमा को बढ़ाकर अढ़ाई लाख से तीन लाख करने की सिफारिश की गई है जिस पर अब कैबिनेट की मुहर लगनी शेष है। इसके अलावा सरकार ने कहा है कि एक साल में सभी मामलों को निपटा दिया जाएगा, तो अभी कितने मामले निपटाए जाएंगे यह देखना होगा। इसके साथ कई दूसरे बड़े फैसले भी सरकार लेगी।
