मलाणा में नदी में डूबे दो युवक, रेस्क्यू टीम ने एक का शव बरामद किया, एक की तलाश जारी

Spread the love

कुल्लू, काजल: जिला कुल्लू की मणिकर्ण घाटी के मलाणा में बुधवार शाम लकड़ी का पुल पार करते समय दो युवक नदी में बह गए। ऐसे में पुलिस और रेस्क्यू टीम ने एक युवक का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दूसरे युवक की तलाश की जा रही है। जानकारी के अनुसार मलाणा गांव के रहने वाले दोनों युवक भुंतर से मलाणा की ओर आ रहे थे। ग्रामीणों द्वारा नदी को पार करने के लिए लकड़ी का एक पुल तैयार किया गया है, जब वे पुल पार कर रहे थे, तो दोनों का संतुलन बिगड़ा और नदी में जा गिरे।

स्थानीय लोगों ने इस बारे पुलिस प्रशासन को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी रेस्क्यू टीम लेकर मौके पर पहुंच गई। ऐसे में एक युवक का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दूसरे युवक की तलाश जारी है।गौर रहे कि बीते साल बाढ़ आने के चलते यहां पर बनाया गया पुल क्षतिग्रस्त हो गया था। ऐसे में लकड़ी का एक अस्थायी पुल ग्रामीणों द्वारा तैयार किया गया था। जिसे पार करते समय दोनों युवक इस हादसे का शिकार हो गए हैं। एएसपी कुल्लू संजीव चौहान ने बताया कि एक युवक का शव बरामद कर लिया गया है और उसकी पहचान इंद्रजीत के रूप में हुई है। दूसरे युवक राम चंद की तलाश जारी हैं। ऐसे में लापता युवक की तलाश के लिए मलाणा डैम का पानी भी रोक दिया गया है, ताकि लापता युवक को जल्द तलाश किया जा सके। शाम तक रेस्क्यू आपरेशन चला, लेकिन दूसरे युवक का पता नहीं चल पाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *