कांग्रेस की ‘संविधान बचाओ’ रैलियां पहली मई से

Spread the love

शिमला, सुरेन्द्र राणा:कांग्रेस पार्टी हिमाचल में ‘संविधान बचाओ’ रैलियों का आयोजन करेगी। पहले प्रदेश स्तर की रैली 26 अप्रैल को शिमला में रखी गई थी, जिसे स्थगित कर दिया गया, मगर अब जिला स्तर की रैलियों से कांग्रेस इसकी शुरुआत करने जा रही है। इस दौरान कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह मोर्चा संभालेंगी। ‘संविधान बचाओ’ रैलियों की शुरुआत बिलासपुर से हो रही है, जिसके बाद यह रैली ऊना में होगी। प्रतिभा सिंह पहली मई को बिलासपुर पहुंचेंगी। यहां पर जिला स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगी। इसके साथ ही कांग्रेस जिला स्तर पर संविधान बचाओ रैलियों का आयोजन करने जा रही है। इस दिन यह रैली भी बिलासपुर में की जाएगी। दो मई को प्रतिभा सिंह ऊना पहुंचेंगी। ऊना में वह जिला स्तर पर कार्यकर्ताओं की बैठक की अध्यक्षता करेंगी और संविधान बचाओ अभियान को लेकर आयोजित रैली में भाग लेंगी। ऊना के बाद उनका अन्य जिलों का भी कार्यक्रम तैयार किया जा रहा है।

इससे पहले प्रतिभा सिंह मंडी जिला का दौरा भी कर चुकी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं को पहले ही कांग्रेस कमेटी के दिशानिर्देश पर प्रदेश में संविधान बचाओ अभियान में बढ़ चढक़र भाग लेने का आह्वान कर चुकी हैं। कांग्रेस 10 मई तक जिला स्तर पर व 11 से 17 मई तक विधानसभा स्तर पर संविधान बचाओ रैलियों का आयोजन करेगी। इसके पश्चात 20 से 30 मई तक पार्टी नेता व कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को भाजपा की जनविरोधी नीतियों व निर्णयों से जागरूक करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *