मनी लॉन्ड्रिंग में आप विधायक कुलवंत सिंह के घर पर ईडी का छापा, लंबे समय तक होती रही पूछताछ

Spread the love

मोहाली, सुरेन्द्र राणा: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार को मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के सिलसिले में आम आदमी पार्टी (आप) के नेता एवं मोहाली के विधायक कुलवंत सिंह के लांडरा रोड पर सेक्टर-94 स्थित आवास के साथ-साथ प्रदेशभर में उनसे जुड़े विभिन्न स्थानों पर छापा मारा। ईडी की दिल्ली इकाई की टीमें मंगलवार सुबह मोहाली पहुंची और स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना दी।इसके बाद ईडी की टीमें मोहाली पुलिस को साथ लेकर सुबह 8 बजे जनता लैंड प्रमोटर्स लिमिटेड (जेएलपीएल) के मालिक कुलवंत सिंह के आवास पर पहुंची। जेएलपीएल कुलवंत सिंह की रियल एस्टेट कंपनी है। ईडी जब वहां पहुंची तो विधायक कुलवंत सिंह घर पर नहीं थे, लेकिन ईडी ने उनके परिवार के सदस्यों से पूछताछ की। थोड़े समय बाद विधायक भी घर पहुंचे और उनसे पूछताछ शुरु हुई। देर शाम तक यह पूछताछ जारी थी। इस दौरान मीडिया को उनके घर के पास तक नहीं जाने दिया गया। जानकारी के अनुसार ईडी ने घर में जाते ही सभी के मोबाइल बंद करवा दिए थे।

ईडी के सूत्रों ने बताया कि छापा पर्ल एग्रोटेक कॉरपोरेशन लिमिटेड (पीएसीएल) मामले की जांच के सिलसिले में की गई। पीएसीएल के निदेशकों ने निवेशकों के रुपये को कई स्थानों पर फर्जी कंपनियों में स्थानांतरित करके गबन किया था। इन फंडों को नकद में निकाल लिया गया और संपत्ति खरीदने के लिए हवाला के माध्यम से भारत के बाहर की कंपनियों में स्थानांतरित करने से पहले पीएसीएल के प्रमुख सहयोगियों को सौंप दिया गया। पिछले साल कुलवंत सिंह से ईडी की जालंधर इकाई ने कथित मादक पदार्थों की तस्करी से संबंधित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *