BJP की ईद पर सौगात-ए-मोदी, राजनीतिक समर्थन जुटाने की तैयारी में भगवा दल, स्पेशल किट बांटना शुरू

Spread the love

पंजाब दस्तक: ईद से पहले भारतीय जनता पार्टी ने गरीब मुसलमानों को तोहफा बांटने का अभियान शुरू कर दिया है। भाजपा का अल्पसंख्यक मोर्चा ‘सौगात-ए-मोदी’ अभियान चलाकर 32 लाख गरीब मुसलमानों को गिफ्ट देगा। मंगलवार को यह अभियान दिल्ली के निजामुद्दीन से शुरू हो गया है। अभियान की निगरानी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा कर रहे हैं। भाजपा का कहना है कि गरीब मुसलमान भी शान से ईद मना सकें, इसके लिए उन्हें एक किट गिफ्ट की जाएगी। भाजपा के 32 हजार कार्यकर्ताओं को यह काम सौंपा गया है। भाजपा का हर कार्यकर्ता एक मस्जिद की जिम्मेदारी लेगा। इस तरह से देशभर में 32 हजार मस्जिदों को कवर किया जाएगा। इसके बाद गरीब मुसलमानों को ईद से पहले ही गिफ्ट दिया जाएगा।भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी ने कहा कि ईद, भारतीय नववर्ष, नौरूज, ईस्टर, गुड फ्राइडे को देखते हुए भाजपा यह अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि बहुत सारे ऐसे अल्पसंख्यक हैं, जो कि अपना त्योहार भी ठीक से नहीं मना पाते हैं। ऐसे में उन्हें भाजपा सौगात-ए-मोदी पेश करेगी। इसके अलावा जिला स्तर पर ईद मिलन कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा। अल्पसंख्यक मोर्चा में राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी यासिर जिलानी ने कहा कि यह अभियान मुस्लिम समुदाय के लिए योजनाओं को प्रोमोट करने के लिए चलाया जा रहा है, जिससे कि एनडीए को भी राजनीतिक समर्थन मिले।

विपक्ष का सवाल, यह राजनीति या हृदय परिवर्तनभाजपा की सौगात-ए-मोदी पर विपक्ष ने निशाना साधा है। निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने पूछा कि यह राजनीति है या हृदय परिवर्तन? यह कैसा प्रेम है? ईश्वर उन्हें सद्बुद्धि दे और वे संविधान को स्वीकार करें। उन्हें नफरत की राजनीति से दूर रहना चाहिए। कांग्रेस सांसद रंजीत रंजन ने कहा कि बिहार में चुनाव है, वे सौगात किट नहीं दे रहे हैं, बल्कि इसके जरिए वोट मांग रहे हैं। सपा प्रमुख अखिलेश यादव पे कहा कि भाजपा और उसके लोगों को हर त्योहार मनाना चाहिए।

समाजवादियों का हमेशा से मानना रहा है कि सभी त्योहार मनाए जाने चाहिए, चाहे वे किसी भी धर्म के हों। यह खुशी की बात है कि भाजपा अब बड़े पैमाने पर त्योहार मना रही है। भाजपा ऐसी पार्टी है, जो एक वोट के लिए कुछ भी कर सकती है।

किट में सौगात-ए-मोदी किट में कपड़े, सेवइयां, खजूर, मेवे और चीनी होगी। महिलाओं को दी जाने वाली किट में सूट का कपड़ा होगा और पुरुषों की किट में कुर्ता-पायजामा का कपड़ा होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *