विमल नेगी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई सामने

Spread the love

शिमला, सुरेंद्र राणा: हिमाचल प्रदेश पावर कारपोरेशन के चीफ इंजीनियर विमल नेगी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट शिमला पुलिस के पास पहुंच गई है। विमल नेगी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर कहीं पर चोट नहीं पाई गई हैं। इसके बाद पोस्टमार्टम की फाइनल ओपिनियन आएगी। चीफ इंजीनियर विमल नेगी के सुसाइड केस में शिमला पुलिस ने छह पुलिस अधिकारियों की एसआईटी बनाई है। एसपी संजीव गांधी के नेतृत्व में एएसपी नवदीप सिंह, डीएसपी शक्ति सिंह सहित छह पुलिस अधिकारियों और साइबर एक्सपर्ट हिमाचल प्रदेश पावर कारपोरेशन के चीफ इंजीनियर विमल नेगी के सुसाइड केस की जांच कर रहे हैं। शिमला पुलिस की एसआईटी ने शनिवार को प्रदेश पावर कारपोरेशन के कर्मचारियों से शनिवार देर रात तक कई घंटे पूछताछ की। चीफ इंजीनियर विमल नेगी की मौत मामले की जांच के लिए पुलिस टीम ने कार्यालय का रिकार्ड और इलेक्ट्रिक उपकरण भी कब्जे में लिए हैं।शिमला पुलिस चीफ इंजीनियर विमल नेगी की सीडीआर खंगाल रही है। शिमला पुलिस मामले से जुड़े हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। वहीं जिन अधिकारियों के एफआईआर में नाम दर्ज है, जल्द ही पुलिस उनसे भी पूछताछ करेगी। गौर हो कि विमल नेगी के परिजनों ने आरोप लगाया है कि हिमाचल प्रदेश पावर कारपोरेशन के उच्च अधिकारियों की ओर से उनका उत्पीडऩ किया जा रहा था, जिसके कारण वह तनाव में थे। देर रात तक काम करवाया जाता था। परिजनों ने यह आरोप भी लगाया था कि अधिकारियों के दवाब में आकर उन्हें यह कदम उठाने को मजबूर होना पड़ा।

पावर कारपोरेशन के पूर्व निदेशक को फिलहाल राहत नहीं

हाईकोर्ट से चीफ इंजीनियर विमल नेगी की मौत से जुड़े मामले में पावर कारपोरेशन के पूर्व निदेशक देसराज को फिलहाल कोई राहत नहीं मिली। प्रार्थी ने हाई कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर कर उन्हें अग्रिम जमानत पर रिहा करने की मांग की है। न्यायाधीश विरेंदर सिंह के समक्ष मामले पर सुनवाई हुई। सुनवाई के बाद कोर्ट ने कहा कि अभी तक जांच से जुड़े रिकार्ड का अवलोकन करने पर प्रार्थी किसी अंतरिम राहत पाने का हकदार नहीं है। मामले की सुनवाई सोमवार को तय करते हुए कोर्ट ने अभियोजन पक्ष को अनुपूरक स्टेट्स रिपोर्ट दायर करने के आदेश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *