शिमला, सुरेन्द्र राणा: हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश व बर्फबारी हो रही है। बीते 24 घंटे के दौरान कुल्लू के सियोबाग में सबसे ज्यादा 113 मिलीमीटर बारिश और कुल्लू के ही कोठी में सर्वाधिक 120 सीएम स्नोफॉल हुआ है। मौसम विभाग ने आज रात में भी बारिश-बर्फबारी जारी रहने की चेतावनी जारी की है।प्रदेश में बीते 3 दिन से हो रही बर्फबारी के बाद लाहौल स्पीति जिला का शेष दुनिया से संपर्क कट चुका है। चंबा का पांगी और किन्नौर जिला के ज्यादातर क्षेत्रों का भी सड़कें बंद होने के बाद जिला मुख्यालय और प्रदेश से संपर्क टूट गया है। शिमला सहित प्रदेश के ज्यादातर भागों में बीती रात से भारी बारिश हो रही है। कुल्लू में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए है।
अटल टनल बंद होने से लाहौल स्पीति जिला अलग-थलग पड़ गया है। लाहौल स्पीति और किन्नौर में 80 प्रतिशत से ज्यादा घरों में ब्लैक आउट हो गया है। भारी बर्फबारी से बिजली की सप्लाई प्रभावित हुई है। पानी की पाइपें भी जम गई हैं। इससे लोगों को पीने के लिए पानी नहीं मिल रहा।
मौसम विभाग ने आज रात के लिए भी किन्नौर और लाहौल स्पीति जिलों में एक दो स्थानों पर भारी बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी कर रखा है। जबकि मंडी, शिमला, कांगड़ा, कुल्लू, सिरमौर जिलों में एक दो स्थानों पर बारिश की चेतावनी दी है।कल और परसों वेस्टर्न डिस्टरबेंस कमजोर पड़ेगा। मगर 3 मार्च को फिर अच्छी बारिश व बर्फबारी के आसार बन रहे हैं।
