किन्नौर के युवक को डिजिटल अरेस्ट कर ठगे 17 लाख, सरगना समेत 8 गिरफ्तार

Spread the love

किन्नौर के एक युवक को डिजिटल अरेस्ट कर उससे 17.5 लाख रुपये ठगने के मामले में पुलिस ने मुख्य सरगना समेत आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी हैदराबाद, बिहार और गुजरात के रहने वाले हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के बैंक खातों को फ्रीज करवाकर साढ़े छह लाख रुपये भी जब्त कर लिए हैं। आरोपी हिमाचल में ठगी के कई मामलों में संलिप्त बताए जा रहे हैं। कितने लोगों को ठगा है, पुलिस इसके बारे में जानकारी जुटा रही है।

एसपी किन्नौर अभिषेक शेखर ने बताया कि डिजिटल अरेस्ट मामले में पहले पुलिस ने हैदराबाद में दबिश देकर आरोपी रवि कुमार, सुदर्शन, मोहम्मद नवाज और रेवती को गिरफ्तार किया। इनसे पूछताछ के आधार पर बिहार से शिंटू कुमार मिश्रा और आनंद को पकड़ा। आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि ठगी का नेटवर्क गुजरात से चलाया जा रहा है। फिर पुलिस गुजरात में दबिश दी और मुख्य सरगना मेहुल ठाकोर उर्फ जिमी और जिगनेश उर्फ रॉक को दबोचा। दोनों अन्य आरोपियों से टेलीग्राम एवं व्हाट्सएप के माध्यम से ही बात करते थे।

एसपी ने बताया कि आरोपियों के सभी खाते फ्रीज कर दिए गए हैं। इनमें करीब पांच लाख रुपये हैं। इसके साथ ही करीब साढ़े छह लाख रुपये भी जब्त किए हैं, जिनसे फ्रॉड राशि ट्रांसफर की गई। इन सभी खातों में पांच लाख रुपये की राशि है। शातिरों ने पिछले पांच -छह महीनों में कई लोगों के साथ लाखों की ठगी की है। हिमाचल में कितने लोगों को ठगा है, इसके बारे में पता लगाया जा रहा है।

नवंबर 2024 में ठगे थे साढ़े 17 लाख रुपये

किन्नौर के युवक से 18 नवंबर 2024 में शातिरों ने साढ़े 17 लाख रुपये ठगे थे। 20 नवंबर को पुलिस ने मूरंग थाना में केस दर्ज करके तफ्तीश शुरू की। मूरंग थाना की पुलिस टीम ने किन्नौर साइबर सेल के साथ जांच करते हुए कॉल डिटेल समेत अन्य माध्यमों से आरोपियों को ट्रैक किया और फिर ठिकानों पर दबिश देकर उन्हें दबोचा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *