शिमला, सुरेन्द्र राणा: हिमाचल प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बीजेपी की कथित गुटबाजी पर तंज किया है. अग्निहोत्री ने कहा हिमाचल में हिमाचल में BJP (O) और BJP (C) के बीच लड़ाई है. BJP (O) असली भाजपा है और BJP (C) कांग्रेस से आए नेताओं की भाजपा है. BJP (C) के नेताओं के बयान BJP (O) को पसंद नहीं आ रहे हैं. भाजपा में बड़े स्तर पर गुटबाजी है. नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और हिमाचल बीजेपी अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल के बीच संघर्ष चला है.
उन्होंने कहा कि बीजेपी ने चोर रास्ते से सत्ता हथियाने की कोशिश की और वे इसमें असफल हो गए. उन्होंने कहा कि बीजेपी का ऑपरेशन लोटस बुरी तरह फेल हुआ है. कांग्रेस सरकार हिमाचल प्रदेश में पांच साल का कार्यकाल पूरा करेगी. बीजेपी को सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभानी चाहिए.
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि 11 दिसंबर को हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार अपने दो साल का कार्यकाल पूरा करने जा रही है. इसके लिए बिलासपुर में कार्यक्रम आयोजित होगा. उन्होंने कहा कि दो साल पूरा होने से पहले ही भारतीय जनता पार्टी ने हल्ला मचाना शुरू कर दिया है. उन्होंने कहा कि बाहर से नेताओं को बुलाकर प्रेस कॉन्फ्रेंस करवाई जा रही है. अग्निहोत्री ने कहा कि सत्ता से दूर होने का दर्द बार-बार छलक रहा है. उन्होंने तंज करते हुए कहा कि भाजपा सत्ता से दूर होकर तड़प रही है.
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेता केंद्र के पास जाकर हिमाचल प्रदेश का अधिकार रोकने की कोशिश कर रहे हैं. अग्निहोत्री ने कहा कि भाजपा ने बार-बार कांग्रेस सरकार को गिराने की कोशिश की, लेकिन वे इसमें नाकाम रहे.
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पहले तो राजनीतिक तौर पर हिमाचल में कांग्रेस सरकार को अस्थिर करने की कोशिश की गई. इसमें जब भारतीय जनता पार्टी असफल रही, तब आर्थिक तौर पर भी कांग्रेस सरकार को कमजोर करने की कोशिश हो रही है. उन्होंने कहा कि बीते दो साल में हिमाचल प्रदेश में लगातार अस्थिरता का माहौल बनाने की कोशिश की गई, लेकिन कांग्रेस अपने पांच साल का कार्यकाल पूरा करेगी.
उन्होंने कहा कि भाजपा बार-बार यह कहती है कि ऑपरेशन लोटस जैसी कोई कोशिश उन्होंने नहीं की, जबकि भाजपा ने ऑपरेशन लोटस के जरिए सरकार को गिराने की कोशिश की. आज बीजेपी के वे नेता भोले बनकर दिखा रहे हैं. उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में के भाजपा नेता केंद्र सरकार के पास जाते हैं और हिमाचल प्रदेश का अधिकार रोकने की कोशिश करते हैं.
उन्होंने कहा कि अगर आर्थिक तौर पर कांग्रेस सरकार का गला घोंट भी देंगे, तो भी कांग्रेस विकास करके दिखाएगी. उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में विभिन्न विकास कार्य चल रहे हैं, लेकिन भाजपा जनता को बरगलाने की कोशिश कर रही है.
