देहरा से सीएम की पत्नी कमलेश जीतीं, 9399 मतों से होशियार सिंह को हराया

Spread the love

शिमला, सुरेंद्र राणा: हिमाचल प्रदेश की देहरा विधानसभा हॉट सीट के उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी एवं मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पत्नी कमलेश ठाकुर ने जीत दर्ज की है। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी होशियार सिंह को 9399 मतों के अंतर से हराया। कमलेश को 32737 वोट मिले, जबकि होशियार सिंह को 23338 वोट मिले। वहीं निर्दलीय प्रत्याशी अरुण अंकेश स्याल को 67, अधिवक्ता संजय शर्मा को 43 व सुलेखा चौधरी को 171 मिले। कुल 150 ने नोटा दबाया। प्रदेश भर के लोगों की निगाहें इस सीट पर लगी थीं।

कमलेश ठाकुर(कांग्रेस)   32737
होशियार सिंह(भाजपा)    23338

छह साल बाद देहरा में कांग्रेस को मिला विधायक
साढ़े छह साल बाद विधानसभा क्षेत्र देहरा में कांग्रेस को अपना विधायक मिल गया है। जनता धरतीपुत्र का साथ न चलकर यहां की बेटी (ध्याण) के साथ चली। मुख्यमंत्री सुक्खू की पत्नी कमलेश कुमारी के सिर जीत का ताज सजा। विधानसभा चुनावों में 2017 और 2022 में देहरा से दोनों बार निर्दलीय विधायक के रूप में होशियार सिंह जीते थे। लेकिन इस बार उपचुनाव में होशियार सिंह ने भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा। 2012-17 तक देहरा से पूर्व मंत्री रविंद्र सिंह रवि विधायक चुने गए थे। इससे पहले देहरा की बजाय जसवां-परागपुर विधानसभा क्षेत्र था। 2012 में देहरा को विधानसभा क्षेत्र बनाया गया था। अभी तक देहरा से कोई भी कांग्रेस से विधायक नहीं बना था। अब सीएम की पत्नी कमलेश की जीत के बाद पहली बार देहरा से कांग्रेस को विधायक मिला।

जनता ने जनबल का साथ दिया और धनबल की पराजय हुई: सुक्खू

विधानसभा चुनाव में जीत की खुशी में कांग्रेस ने शिमला में जश्न मनाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़े। सीएम सुक्खू ने कहा कि मुझे खुशी है कि हिमाचल की जनता ने जनबल का साथ दिया और धनबल की पराजय हुई। देहरा में 25 साल से कांग्रेस चुनाव नहीं जीत पा रही थी। पार्टी ने सर्वे के आधार पर कमलेश ठाकुर को टिकट दिया और वहां हमारी जीत हुई है।

कितना वोट प्रतिशत
वोट प्रतिशत की बात करें तो कमलेश ठाकुर को 57.94 प्रतिशत और होशियार सिंह को 41.30 प्रतिशत वोट पड़े। ईवीएम से कुल वोट 55,408 वोट प्राप्त हुए। देहरा उपचुनाव में कुल 1098 पोस्टल वोट पड़े। इनमें कमलेश ठाकुर को 612, होशियार सिंह को 478, अरूण-अंकेश स्याल को 2-2, सुलेखा चौधरी को 4 और नोटा को 2 वोट पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *