पंजाब दस्तक: पंजाब के लुधियाना में शुक्रवार दोपहर को शिवसेना टकसाली नेता एवं सुखदेव थापर के वंशज संदीप थापर पर सिविल अस्पताल के बाहर तीन निहंगों ने तलवार से हमला कर दिया। संदीप पर एक के बाद एक कई वार किए गए, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। हमले के वक्त संदीप के साथ गनमैन मौजूद था। उसके पास रिवॉल्वर थी, लेकिन निहंगों ने उसे छीन लिया।
हमला करने के बाद निहंग संदीप की ही स्कूटी लेकर फरार हो गए। इसके बाद संदीप को सिविल अस्पताल ले जाया गया। जहां गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें सीएमसी में भर्ती कराया गया। वहीं, इस घटना के बाद हिंदू नेता भडक़ गए और सडक़ जाम कर दी। इसे देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। शहर में माहौल तनावपूर्ण है। हिंदू नेताओं ने लुधियाना पुलिस को 12 घंटे का अल्टीमेटम दिया है।
