चंडीगढ़, सुरेन्द्र राणा: भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डा. सुभाष शर्मा ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी द्वारा संसद में अपने भाषण के दौरान पूरे हिन्दू समाज को हिंसक और झूठा करार देने की कड़ी शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि यह बयान राहुल गांधी की बीमार मानसिकता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतिहास हमेशा हिन्दू धर्म को चोट पहुंचाने वाला ही रहा है। कांग्रेस ने पहले धर्म के नाम पर पहले देश का विभाजन किया फिर महात्मा गांधी जी की हत्या का बहाना बनाकर महाराष्ट्र में सैकड़ों निर्दोष हिंदुओं का कत्लेआम किया गया। डा. सुभाष शर्मा ने इतिहास के उदाहरण देते हुए कहा कि इंदिरा गांधी द्वारा गौ रक्षा आंदोलन कर रहे संतों पर बेरहमी से गोलियां चलाकर उन्हें शहीद किया गया। राम मंदिर आंदोलन के दौरान निहत्थे रामभक्तों पर गोलियां चलाने वाले मुलायम सिंह यादव के साथ कांग्रेस की हमेशा दोस्ती रही है। 1984 में निर्दोष सिख भाइयों की हत्याएं की गईं। कांग्रेस का इतिहास हमेशा से हिंसा का रहा है। कांग्रेस ने हिन्दू समाज को जाति और धर्म के नाम पर बांटकर राज किया है। आज जब इनका हिन्दू विरोधी चेहरा देश के सामने नंगा हो रहा है तो अब कांग्रेस हिन्दू समाज पर गहरा आघात कर रही है। डा. सुभाष शर्मा ने कहा कि हिन्दू धर्म शाश्वत धर्म है और 80 प्रतिशत हिन्दू होने के बावजूद देश में हर अल्पसंख्यक के अधिकार सुरक्षित हैं और सब लोग स्वतंत्रता से अपनी अपनी आराधना कर रहे हैं।