प्रतिभा सिंह ने मंडी संसदीय सीट पर चुनाव लड़ने से किया इन्कार, जानें वजह

Spread the love

शिमला, सुरेंद्र राणा: हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने मंडी संसदीय सीट से लोकसभा चुनाव लड़ने से इन्कार कर दिया है। बुधवार सुबह दिल्ली से शिमला पहुंचीं प्रतिभा सिंह ने कहा कि वह चुनाव लड़ने की स्थिति में नहीं है। सिर्फ एमपी फंड बांटने से चुनाव नहीं लड़ा जा सकता। हमारा कार्यकर्ता निराश है। प्रतिभा ने कहा कि आज कोई भी सक्रिय कार्यकर्ता नजर नहीं आ रहा जो पार्टी के लिए काम करेगा। यह पार्टी के लिए अहम रोल निभाते हैं।

कई बार सरकार को कहा कि इन्हें महत्व दिया जाए। मैं लगातार फील्ड में रही हूं। मुझे नहीं लगता कि हमें इन हालात में सफलता मिलेगी। जो भी प्रत्याशी तय होगा, उसकी मदद करेंगे। कहा कि उपचुनाव में जीत दिलाना हमारा कर्तव्य है। उपचुनाव के लिए प्रचार करेंगे। सरकार बचाने के लिए उपचुनाव जरूरी हो गए हैं। कार्यकर्ताओं की नाराजगी को दूर करना होगा।

उधर, पार्टी सूत्रों के अनुसार मंडी से युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नेगी निगम भंडारी का नाम भी संभावित प्रत्याशी के तौर पर चर्चा में शामिल हो गया है। जिला किन्नौर के रहने वाले भंडारी लंबे समय से इस संसदीय क्षेत्र में सक्रिय हैं। विधानसभा चुनाव के दौरान वह किन्नौर से पार्टी टिकट की दौड़ में शामिल थे। हालांकि मंडी से कौल सिंह ठाकुर को भी प्रत्याशी बनाने की संभावना बरकरार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *