पंजाब दस्तक, सुरेंद्र राणा: पंजाब में बसपा ने शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के साथ गठबंधन तोड़ लिया है। इसके साथ ही पार्टी ने आगामी लोकसभा चुनाव में अकेले उतरने का एलान भी कर दिया है।
आंबेडकर भवन चंडीगढ़ में मंगलवार को करीब चार घंटे चली बसपा की राज्यस्तरीय समिति की बैठक में शिअद के साथ गठबंधन खत्म करने पर सर्वसम्मति से फैसला लिया गया। इस बैठक में पार्टी के सभी सीनियर नेता मौजूद रहे।
बैठक के दौरान, गठबंधन को लेकर हुई चर्चा में कहा गया कि शिअद की ओर से बसपा की लगातार अनदेखी करते हुए भाजपा के साथ गठबंधन की कोशिशें की जा रही हैं। बसपा का मानना है कि भाजपा जोकि दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों, किसानों को कुचलने की असांविधानिक नीतियां बनाते हुए भारतीय संविधान को बदलने का काम कर रही है, के साथ बसपा कभी गठजोड़ नहीं कर सकती।
