हिमाचल विधानसभा सेशन,विपक्ष का दूसरी बार वॉक-आउट; परिसर में कांग्रेस-भाजपा का प्रदर्शन

Spread the love

धर्मशाला, सुरेंद्र राणा: हिमाचल विधानसभा विंटर सेशन के चौथे दिन विपक्ष ने सदन से दो बार वॉक-आउट किया। पहली बार बेरोजगारी के मुद्दे पर चर्चा के लिए समय नहीं मिलने पर वॉक-आउट किया, जबकि दूसरी बार मुख्यमंत्री के वक्तव्य से नाराज विपक्ष सदन से उठकर बाहर चला गया।

सदन की कार्यवाही की शुरुआत में विपक्ष ने बेरोजगारी के मसले पर चर्चा की मांग को लेकर काम रोको प्रस्ताव लाया। स्पीकर ने इसकी इजाजत नहीं दी। इसके बाद विपक्ष ने सदन के भीतर नारेबाजी की और बाद में वॉक आउट कर दिया। कुछ देर बाद विपक्ष सदन में दोबारा आया। तो मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले भाजपा द्वारा रोजाना किए जा रहे प्रदर्शन पर वक्तव्य दिया।

इससे नाराज विपक्ष ने दूसरी बार सदन से वॉक आउट किया। भाजपा विधायक रणधीर शर्मा ने कहा कि जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल मुख्यमंत्री ने किया है, वह महिलाओं का अपमान है।

सदन के बाहर किया प्रदर्शन

सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले बेरोजगारी की मांग को लेकर विपक्ष ने सदन के बाहर भी प्रदर्शन किया। विपक्ष ने कांग्रेस सरकार को 5 लाख युवाओं को नौकरी देने का वादा याद दिलाया तो इसके जवाब में सत्तापक्ष के विधायकों ने भी विधानसभा परिसर में प्रदर्शन कर प्रत्येक व्यक्ति के खाते में 15 लाख रुपए, सालाना 2 करोड़ युवाओं को नौकरी का वादा पूरा करने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *