शिमला नगर निगम चुनाव के लिए मतदाता सूचियां तैयार करने का कार्यक्रम जारी

Spread the love

शिमला, सुरेंद्र राणा: हिमाचल प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार को शिमला नगर निगम के प्रस्तावित चुनाव के दृष्टिगत वार्डों की मतदान केंद्रवार मतदाता सूचियां तैयार करने का कार्यक्रम जारी कर दिया है।

आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशन 6 मार्च को होगा। 7 से 16 मार्च तक पुनरीक्षण प्राधिकारी के समक्ष दावे व आपत्तियां दायर किए जा सकेंगे। दावे व आपत्तियां प्राप्त होने के सात दिन के भीतर 23 मार्च तक इनका निपटारा होगा। पुनरीक्षण प्राधिकारी के निर्णय के खिलाफ अपील दायर करने की तिथि 27 मार्च तक तय की गई है। इसके बाद 29 मार्च तक अपीलों का निपटारा किया जाएगा। 31 मार्च को मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन होगा। यह जानकारी राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव सुरजीत सिंह राठौर ने दी।

मतदाता सूचियों में नाम दर्ज करने के लिए 1 जनवरी 2023 को अहर्ता तिथि घोषित की गई है। ऐसे 1 जनवरी 2023 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवा मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने के लिए योग्य होंगे। आयोग ने यह निर्देश भी दिए है कि पात्र व्यक्ति अपना मत बनवाने के लिए पुनरीक्षण प्राधिकारी के समक्ष अपना दावा प्रस्तुत कर सकते हैं।

प्रारूप मतदाता सूचियां निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों के कार्यालय, नगर निगम शिमला के कार्यालय तथा संबंधित तहसील कार्यालयों में आम जनता के अवलोकन के लिए रखी जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *