चंडीगढ़ में प्रदर्शनकारियों का पुलिस पर हमला:बैरिकेड तोड़े; तलवार-डंडों से पीटा; सिख कैदियों की रिहाई की कर रहे थे मांग

Spread the love

पंजाब दस्तक, सुरेंद्र राणा: पंजाब के मोहाली में सिख कैदियों की रिहाई की मांग कर रहे प्रदर्शनकारी बुधवार को उग्र हो गए। चंडीगढ़ में घुसने को लेकर उनकी पुलिस से झड़प हो गई। इस दौरान जमकर पथराव हुआ। प्रदर्शनकारियों ने तलवारें निकाल लीं। जिसे देख पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया और वाटर कैनन का भी प्रयोग किया।

इससे भड़के प्रदर्शनकारियों ने चंडीगढ़ और पंजाब पुलिस की गाड़ियों में तोड़फोड़ कर डाली। प्रदर्शनकारी इस कदर उग्र हो गए कि उन्होंने तलवारें और डंडे दिखाकर पुलिस को खदेड़ दिया।

कुछ पुलिसकर्मी भी इस हिंसक वारदात में जख्मी हुए हैं। कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है। माहौल बिगड़ता देख पुलिस के सीनियर अफसर मौके पर पहुंचे। चंडीगढ़ में धारा 144 लगा दी गई है। प्रदर्शनकारी अभी भी मोहाली में इकट्‌ठा हैं। वहीं चंडीगढ़ पुलिस भी हाई अलर्ट पर है।

चंडीगढ़ पुलिस ने बताया कि 12 प्रो-खालिस्तानी संगठन 7 जनवरी से कौमी इंसाफ मोर्चा के बैनर तले चंडीगढ़-मोहाली बैरियर के पास पक्का मोर्चा लगाए हुए हैं। बुधवार को हुई हिंसा में 22 पुलिसकर्मी घायल हुए। इनमें 7 महिला पुलिसकर्मी शामिल हैं। इस मामले में सेक्टर 36 थाने में क्रिमिनल केस दर्ज किया गया है।

CM के घर जाना चाहते थे प्रदर्शनकारी

सजा पूरी कर चुके सिख कैदियों की रिहाई के लिए मोहाली में चंडीगढ़ बॉर्डर पर 7 जनवरी से प्रदर्शन चल रहा है। बुधवार को प्रदर्शनकारियों ने पंजाब के CM के घर कूच का ऐलान कर दिया। इसका पता चलते ही चंडीगढ़ और पंजाब पुलिस ने बैरिकेडिंग कर दी।

प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग के पास आ गए। उन्होंने बैरिकेड हटाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने रोक दिया। जिसके बाद उन्होंने तलवार और डंडे निकाल लिए। पुलिस को पीछे धकेलते हुए वे चंडीगढ़ में घुसने की कोशिश करने लगे। यह देखकर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *