पंजाब दस्तक, सुरेंद्र राणा: पंजाब के पूर्व CM चरणजीत सिंह चन्नी ने दास्तान-ए-शहादत के 1.47 करोड़ रुपए बेटे की शादी में एडजेस्टमेंट करने के आरोप नकारे हैं। उन्होंने कहा कि वह घर का सादा खाना खाते हैं। कभी मीट नहीं खाया और न ही कभी शराब तक पी है।
चन्नी ने कहा कि पंजाब सरकार उन्हें जेल में डालना चाहती है। इसी कारण उन्हें बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। यहां तक कि उनकी संपत्ति और बैंक खाते खंगाले जा रहे हैं।
3 महीने तक CM बनाया
चन्नी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने उन्हें 3 महीने के लिए CM बनाया था, लेकिन मौजूदा पंजाब सरकार को ऐसे लगता है कि न जाने मैं इस दौरान क्या-क्या कर दिया। उन्होंने कहा कि सरकार बदलाखोरी की नीति से साजिश रच रही है। चन्नी ने स्पष्ट किया कि वह सभी आरोपों और साजिशों का सामना स्वयं के स्तर पर करेंगे, न कि जनता और अन्यों को साथ लेकर किसी प्रकार का विरोध जताएंगे।
ये लगे हैं आरोप
पंजाब के चमकौर साहिब में 19 नवंबर 2021 में दास्तान-ए-शहादत समारोह में 1.47 करोड़ रुपए के खर्च को 10 अक्टूबर 2021 को पंजाब के पूर्व CM चरणजीत सिंह चन्नी के बेटे की शादी में एडजस्ट किए जाने के आरोप हैं। यह शिकायत पंजाब विजिलेंस के चीफ डायरेक्टर को बठिंडा के गांव भागू निवासी राजविंदर सिंह ने भेजी है। वह सभी दस्तावेज भी साथ लगाए हैं, जिनसे घोटाला साबित करने का दावा किया गया है।
CGM और एक्सईएन के जरिए किया घोटाला
शिकायतकर्ता राजविंदर सिंह ने बताया कि दास्ताने-ए-शहादत समारोह टूरिज्म विभाग द्वारा कराया गया। इसकी जिम्मेदारी टूरिज्म के चीफ जनरल मैनेजर एसके चड्ढा और एक्सईएन प्रेमचंद की थी। प्रोग्राम पर 1.47 करोड़ रुपए का खर्च दिखाकर बड़ा घोटाला किया गया। शिकायत के अनुसार दास्तान-ए-शहादत को दास्तान-ए-करप्शन बना दिया गया। आरोप हैं कि एसके चड्ढा द्वारा पंजाब ट्रांसपेरेंसी इन पब्लिक प्रोक्योरमेंट एक्ट-2019 का उल्लंघन किया गया है।
कई गुणा अधिक रेट पर की अदायगी
शिकायतकर्ता के अनुसार 4 टेंडरों के लिए 20 गुना अधिक रेट पर सिंगल टेंडर से रिश्वत ली गई। आरोप हैं कि एसके चड्ढा और प्रेमचंद द्वारा टेंपरेरी स्टेज आदि के लिए 97 लाख रुपए की अदायगी सिंगल टेंडर के जरिए की गई। दोनों अधिकारियों ने प्रति व्यक्ति चाय का कप 2000 रुपए के हिसाब से खर्च किया, लेकिन चुनाव आयोग द्वारा चाय के कप की कीमत 12 रुपए के हिसाब से दी गई।
लंच 2 हजार रुपए प्रति व्यक्ति, पूड़ी-छोले ढाई सौ रुपए प्रति व्यक्ति, सेंटर टेबल के 400 रुपए, 7 हजार प्लास्टिक की कुर्सियों के लिए प्रति कुर्सी 28 रुपए, समेत अन्य खर्चों की अदायगी भी कई गुणा रेट पर की गई बताई। इसी आधार पर दास्तान-ए-शहादत समारोह की आड़ में लाखों रुपए रिश्वत लेने और सरकारी धन के घोटाले के आरोप लगाए गए हैं।
