ब्रिटेन में ऋषि ने रचा इतिहास, भारत में खुशी से झूम उठा बेरी परिवार, कहा- ऐतिहासिक है उपलब्धि

Spread the love

पंजाब दस्तक: भारतीय मूल के ऋषि सुनक ने ब्रिटेन का नया प्रधानमंत्री बनकर इतिहास रचा तो लुधियाना में रहने वाले उनके रिश्तेदार खुशी से झूम उठे। आस पड़ोस में मिठाई बांटी। बेरी परिवार ने इसे ऐतिहासिक पल बताया।

लुधियाना में शराब और कपड़े के बड़े कारोबारी अजय और रजत बेरी ने बताया कि सुनक के दादा पांच भाई हैं। हम सबसे छोटे दादा की बेटी के पुत्र हैं। अजय ने बताया कि उनके दादा व ऋषि के दादा सगे भाई हैं। ऐसे में सुनक उनके चचेरे भाई हैं। अक्सर उनसे बात होती रहती है। ऋषि लुधियाना भी आते रहे हैं। सुनक के नाना रघुवीर सेन बेरी लुधियाना के आलमगीर के नजदीक गांव जसोवाल सूदा के रहने वाले थे और इसी गांव में बेरी परिवार के बड़े बुजुर्गों का जन्म हुआ था।

करीब पांच दशक पहले रघुवीर सेन बेरी लुधियाना से कीनिया चले गए। इसके बाद वह इंग्लैंड आ गए। सितंबर 2009 में सुनक की शादी हुई थी। इसी दौरान लुधियाना में सुभाष बेरी की पत्नी का निधन हो गया था। इस वजह से बेरी परिवार से कोई भी सदस्य ऋषि की शादी में शामिल नहीं हो पाया था। ऋषि 2009 में अपनी चाची के निधन के मौके पर लुधियाना आए थे।

अजय ने बताया कि आज उनका परिवार बहुत खुश है। जिस देश ने भारत पर 200 साल राज किया आज उसी इंग्लैंड की धरती पर भारतीय राज करेगा। यह हमारे लिए नहीं अपितु पूरे देश के लिए फख्र की बात है।

क्लब रोड निवासी सुभाष बेरी और राजेश बेरी ने कहा कि सुनक ने कमाल कर दिया। इंग्लैंड आर्थिक मंदी के दौर में है, लेकिन वे ब्रिटेन को इससे बाहर निकाल लेंगे। उम्मीद जताई कि उनके भारत से अच्छे संबंध बनेंगे और दोनों देश मिलकर बढे़ंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *