भगवंत मान का बड़ा तोहफा: पंजाब में टोल मुक्त होंगी सड़कें, लुधियाना में किया एलान

Spread the love

पंजाब दस्तक: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भगवान विश्वकर्मा दिवस पर बड़ा एलान किया है। मान ने कहा है कि पंजाब सरकार राज्य की सड़कों को टोल मुक्त करेगी। जल्द सतलुज नदी लाडोवाल और शंभु पर बने टोल को हटा दिया जाएगा। सतलुज के पास बने टोल प्लाजा से स्थानीय किसानों व लोगों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। ये बातें मान ने मिल्लरगंज नजदीक रामगढ़िया गर्ल्ज कॉलेज में आयोजित प्रदेश स्तरीय बाबा विश्वकर्मा दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में कहीं।

मान ने कहा कि इस पर सरकार गंभीर है और इसका खाका तैयार किया जा रहा है। पहले साहनेवाल के पास टोल प्लाजा था लेकिन वहां से हटाकर लाडोवाल के करीब बना दिया गया है। नियमों के मुताबिक टोल प्लाजा जहां बना दिया जाए, उसे वहां से हटाया नहीं जा सकता। पूर्व की सरकारों की सांठगांठ की वजह से ये चलते रहे हैं। हमारी सरकार ने पहले लुधियाना-मालेरकोटला-संगरूर हाईवे पर टोल प्लाजा हटाया है। अब सतलुज व शंभु पर बने टोल प्लाजा हटा दिए जाएंगे।

सीएम ने कहा कि पिछली सरकारों ने राज्य की दौलत को बेरहमी से लूटा है। इससे प्रदेश को बहुत हानि हुई है। भगवान विश्वकर्मा की विचारधारा और शिक्षाओं के अनुसार पंजाब सरकार, युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देने पर जोर दे रही है। केंद्र में सत्ता संभालने वाले राज्यों के अधिकारों को निगलकर देश के संघीय ढांचे को नुकसान पहुंचा रहे हैं। ये लोकतंत्र की मूल भावना के विरुद्ध है। अलग विचार और नजरिये वाला लोकतंत्र हमेशा सफल होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *