पंजाब दस्तक, सुरेंद्र राणा: विधानसभा चुनावों के लिए प्रत्याशियों का चयन करने को हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के बड़े नेताओं ने हाईकमान को उलझा दिया है। प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, चुनाव प्रचार कमेटी के अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू और नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री में एक राय नहीं होने के चलते धर्मशाला, नालागढ़, गगरेट, चिंतपूर्णी, सुलह, देहरा और भरमौर सीट को लेकर पेच फंस गया है। हमीरपुर, बिलासपुर, कांगड़ा, शिमला शहर, ठियोग और सरकाघाट से प्रत्याशियों का चयन की राह भी इस कारण मुश्किल हो गई है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री दीपादास मुंशी की अध्यक्षता वाली स्क्रीनिंग कमेटी ने भी आम राय नहीं बनने पर इन सीटों के लिए प्रत्याशियों का चयन करने का जिम्मा केंद्रीय चुनाव कमेटी पर छोड़ दिया है। इन 12 सीटों सहित कुल 29 सीटों पर अब प्रत्याशियों को लेकर 10 या 11 अक्तूबर को कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी अंतिम फैसला लेंगी। स्क्रीनिंग कमेटी की ओर से शनिवार को भेजे गए पत्र में 10 या 11 अक्तूबर को केंद्रीय कमेटी की बैठक करने के लिए समय मांगा है।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव और पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा को धर्मशाला से प्रत्याशी बनाने को लेकर अभी पेच ही फंसा है। पार्टी नेताओं ने इस सीट को लेकर अंतिम फैसला सोनिया गांधी पर छोड़ा है। नालागढ़ से हरदीप सिंह बावा, भरमौर से ठाकुर सिंह भरमौरी, गगरेट से राकेश कालिया और चिंतपूर्णी से कुलदीप कुमार को लेकर पार्टी पसोपेश में है। हरदीप बावा पर कांग्रेस के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लड़ना भारी पड़ रहा है।
गगरेट से चैतन्य शर्मा और चिंतपूर्णी से सुदर्शन बबलू को प्रत्याशी बनाने की पार्टी के बीच मुहिम चली है। चैतन्य और सुदर्शन बीते लंबे समय से अपने क्षेत्रों में सक्रिय हैं। कांग्रेस का एक धड़ा इन्हें पार्टी में शामिल कराना चाहता है। सुलह और देहरा में भी पार्टी जिताऊ उम्मीदवारों की तलाश में है। हमीरपुर, बिलासपुर, कांगड़ा, ठियोग, सरकाघाट को लेकर भी प्रदेश के पार्टी नेताओं में सहमति नहीं बन रही है।
शिमला शहरी सीट से प्रत्याशियों की दौड़ में प्रतिभा, सुक्खू और मुकेश ने अपने-अपने समर्थकों को शामिल कर दिया है। इसी तरह के हालात जोगिंद्रनगर, नाचन, सिराज, आनी, जयसिंहपुर, कुटलैहड़, भोरंज, चुराह, बैजनाथ, शाहपुर और इंदौरा में बने हुए हैं। चौपाल, बंजार, धर्मपुर, मंडी सदर और नूरपुर से स्क्रीनिंग कमेटी ने एक-एक दावेदार का नाम पैनल में भेजा है। 39 सीटों पर कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव कमेटी पहले ही प्रत्याशियों का चयन कर चुकी है। संभावित है कि सभी 68 सीटों के लिए कांग्रेस एक साथ प्रत्याशियों की सूची जारी करेगी।
