नशे में 120 की रफ्तार से चलाई कार, बिजली के खंभे से टकराने पर पांच की मौत

Spread the love

पंजाब दस्तक,लुधियाना-चंडीगढ़ रोड पर फोर्टिस अस्पताल के पास देर रात एक तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराने के बाद बिजली के खंभे से जा टकराई। हादसे में कार चालक राजेश कुमार, उसकी पांच वर्षीय बेटी जैसमीन, साले की पत्नी संजना और उसकी दो बेटियों माही व खुशी की मौत हो गई। राजेश की पत्नी प्रिया और दो बेटे अरमान और आर्यन गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

इन्हें उपचार के लिए सीएमसी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। प्रिया आइसीयू में भर्ती है। हादसे के समय कार की रफ्तार करीब 120 किलोमीटर प्रतिघंटा थी। कार का मीटर वहीं पर रुक गया। राजेश कुमार उर्फ राजू का परिवार मूलरूप से बिहार के पूर्णिया जिले के गांव गुलाब बाग का रहने वाला है। लुधियाना में यह लोग पुरानी माधोपुरी में रह रहे थे। राजेश लुधियाना में टैक्सी चलाता था।

वहीं, उनके साले का परिवार मूलरूप से बिहार के सीतामढ़ी जिले के गांव अथरी का रहने वाला है। लुधियाना में वह टिब्बा रोड में रहते हैं। संजना के पति राजन ने बताया कि उनकी पत्नी और दोनों बेटियां राजेश के परिवार के साथ मुंडिया कलां में उसकी बहन के घर बेटा पैदा होने की खुशी में आयोजित समारोह में शामिल होने गए थे। वे लोग रात करीब ढाई बजे वहां से लौट रहे थे। तेज रफ्तार के कारण राजेश कार से नियंत्रण खो बैठा और कार पहले डिवाइडर से फिर बिजली के खंभे से जा टकराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *